भिवानी मौसम अपडेट: धुंध ने रोकी रफ्तार, 26 मार्च तक सक्रिय होंगे दो पश्चिमी विक्षोभ!
भिवानी में शनिवार सुबह छाई घनी धुंध, दृश्यता 10 मीटर तक रही। 22 और 25 मार्च को सक्रिय होंगे दो नए पश्चिमी विक्षोभ। जानें बारिश और तापमान को लेकर ताजा अपडेट।
भिवानी। जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। शनिवार सुबह धुंध छाने से दृश्यता घटकर 10 मीटर तक रह गई जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी रही। वहीं तापमान में भी बदलाव दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 25 डिग्री व न्यूनतम 12 डिग्री रहा।
सुबह करीब नौ बजे के बाद मौसम साफ हुआ और दिन में हल्की धूप निकलने से मौसम मिला-जुला बना रहा। वीरवार और शुक्रवार को हुई बारिश के बाद से ही जिले में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। बारिश के चलते पिछले पंद्रह दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मार्च के शुरुआती दिनों में तापमान 36 डिग्री तक पहुंच गया था जो अब गिरकर 25 डिग्री पर आ गया है।
हालांकि बारिश के कारण किसानों की खेतों में तैयार फसल को नुकसान होने की आशंका बनी हुई थी लेकिन शनिवार सुबह करीब दस बजे के बाद निकली हल्की धूप से किसानों को राहत मिली और उन्होंने फसल कटाई का कार्य फिर से शुरू कर दिया।
26 मार्च तक परिवर्तनशील रहेगा मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम एवं कृषि वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार हरियाणा में 26 मार्च तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं। पहला पश्चिमी विक्षोभ 22 मार्च को आने की संभावना है जिसके आंशिक प्रभाव से 23 से 25 मार्च के बीच आंशिक बादलवाई और हल्की से मध्यम गति से हवाएं चल सकती हैं। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 25 मार्च की रात को आने की संभावना है जिसके प्रभाव से 26 व 27 मार्च को राज्य में हवा चलने के साथ छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।

