भिवानी :दहेज के लिए महिला से मारपीट

 
भिवानी :दहेज के लिए महिला से मारपीट

भिवानी में शनिवार को एक महिला के साथ दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। महिला ने अपने पति पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने व ननदोई पर छेड़खानी करने के आरोप लगाए है। जिसकी शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

भिवानी की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 27 अप्रैल 2009 में भिवानी के रहने वाले व्यक्ति के साथ हुई थी। शादी बाद उसे दो बच्चे (एक बेटा व एक बेटी) हुए। उसका पति उम्र में करीब 18 साल बड़ा था। उसका पति एमएससी व बीएड पास है और वह 12वीं पास। शादी के बाद से ही उसकी ननंद-ननदोई, पति दहेज के लिए ताने मारने लगे।

ससुरालियों ने कहा कि मोटरसाइकिल देकर स्टेटस डाउन किया है, कार तक नहीं दी। इसलिए घर पर नौकरानी की तरह काम कर। शादी के 4-5 साल तक कार नहीं लाने के लिए तंग करते रहे। गरीब व कम पढ़ी लिखी होने के कारण अत्याचार सहती रही।

पति पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने के आरोप शिकायत में पीड़ित ने बताया कि उसके पिता ने कई बार पंचायत भी की और समझाने का प्रयास किया। 2014 में वे गांव से आकर भिवानी रहने लगे और उसकी ननंद-ननदोई मकान के ऊपर वाले हिस्से में रहते। उसकी ननंद अपने घर का काम भी नौकरानी की तरह करवाने लगी। मना करने पर मारपीट करती और तलाक करवाने के भी धमकी देती।

पति पर अप्राकृतिक यौन उत्पीड़न करने का आरोप

साल 2013 में उसके पति का एक्सीडेंट हो गया। इसके बाद उसे पर शारीरिक रूप से अत्याचार होने शुरू हो गए। आरोप लगाया कि उसका पति उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाता और अप्राकृतिक यौन उत्पीड़न करता। मना करने पर मारपीट करता और घर से बाहर निकाल देता। जब अपनी मां को यह सब बताया तो मां ने कहा कि दो बच्चे हो चुके है। इन बच्चों के लिए चुपचाप घर बसा ले।

ननदोई पर लगाए छेड़खानी के आरोप महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति दिव्यांग होने के कारण उसका ननदोई उसके साथ दुर्व्यवहार करता और बुरी नजर रखता। जब भी मौका मिलता उसके साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर देता। विरोध करने पर कहता कि तेरा पति दिव्यांग है इसलिए तेरी सारी इच्छा पूरी करूंगा। तुझे हमारे कहे अनुसार रहना होगा। नहीं तो घर नहीं रहने देंगे।

पति ने मारपीट कर घर से बाहर निकाला

30 मई 2024 को उसके पति ने जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब मना किया तो मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद वह गुरुग्राम में रहने लगी। कई बार पति, ननंद-ननदोई घर आकर धमकी देते। आरोप लगाया कि उसके 25 तोले सोने के आभूषण भी जबरन अपने पास रख लिए। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।