नागरिक अस्पताल में विश्व हीमोफिलिया दिवस पर जागरूकता पखवाड़े का आयोजन, पोस्टर प्रतियोगिता से दिया संदेश
भिवानी नागरिक अस्पताल में विश्व हीमोफिलिया दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम। सीएमओ डा. रघुवीर शांडिल्य ने बताया लक्षणों का महत्व। मरीजों को मुफ्त इलाज और रोडवेज में मुफ्त यात्रा।
भिवानी, 22 अप्रैल : स्वास्थ्य विभाग द्वारा विश्व हीमोफिलिया दिवस के उपलक्ष्य में जिला भर में जागरूकता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को स्थानीय चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल स्थित आईसीएचएच सेंटर में जागरूकता कार्यक्रम और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस वर्ष के कार्यक्रम की मुख्य थीम निदान : देखभाल की ओर पहला कदम रखी गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच एक पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपने चित्रों और नारों के माध्यम से हीमोफिलिया के लक्षणों, इसके बचाव और समाज में इस बीमारी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया। इसके इलावा हीमोफोलिया के बच्चो ने भी आकर्षक पोस्टर बना कर मनमोह लिया, प्रतियोगिता के अंत में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रघुवीर शांडिल्य उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हीमोफिलिया एक आनुवंशिक रक्त विकार है, जिसमें चोट लगने पर रक्त का थक्का नहीं जमता। उन्होंने जोर दिया कि यदि मरीज को समय पर सही उपचार और जानकारी मिले, तो वह एक सामान्य जीवन जी सकता है। वही कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नोडल ऑफिसर डा. रोहित मेहला ने तकनीकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि हीमोफिलिया की रोकथाम के लिए सबसे महत्वपूर्ण है कि ग्रसित मरीज के परिवार की महिलाओं को विवाह पूर्व कैरियर डिटेक्शन टेस्ट करवाना चाहिए। इससे आने वाली पीढ़ी को इस गंभीर बीमारी से बचाया जा सकता है। वही ब्लड बैंक इंचार्ज डॉ. हर्ष व शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी हीमोफिलिया मरीजों के लिए नि:शुल्क उपचार, फैक्टर इंजेक्शन और डायग्नोसिस की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। साथ ही, हरियाणा राज्य परिवहन की बसों में इलाज के लिए जाने हेतु मुफ्त यात्रा की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। इस अवसर पर पी.एम.ओ. डा. बलवान सिंह,डॉ रीटा,मैट्रन सरला, नर्सिंग स्टाफ सीमा व वंदना सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पखवाड़े के दौरान आने वाले दिनों में भी विभिन्न जागरूकता गतिविधियां जारी रहेंगी।

