युवा शक्ति के संकल्प से गूंजा भिवानी : विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर रेडक्रॉस भवन में नशामुक्ति जागरूकता की अलख, दिलाई शपथ
पूरे परिवार की खुशियों और समाज की प्रगति को दीमक की तरह खत्म करता है नशा : प्रदीप कुमार
May 31, 2026, 13:47 IST
भिवानी, 31 मई : विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर रविवार को स्थानीय रेडक्रॉस भवन में नशामुक्ति जागरूकता संदेश कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। भिवानी के उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में शहरी व ग्रामीण युवाओं को सामाजिक पुनरुत्थान और राष्ट्र निर्माण की एक नई दिशा दिखाई। यह कार्यक्रम ना केवल तंबाकू के दुष्प्रभावों को उजागर करने का माध्यम बना, बल्कि इसने समाज को समग्र रूप से स्वस्थ और सशक्त बनाने की दिशा में एक सामूहिक जन-आंदोलन का रूप ले लिया। कार्यक्रम में सचिव प्रदीप कुमार ने युवाओं और नागरिकों को नशे से सदैव दूर रहने की पवित्र शपथ दिलाई। युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ यह प्रतिज्ञा ली कि वे प्रतिज्ञा करते है कि कभी भी तंबाकू, सिगरेट, बीड़ी या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इनसे दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। एक स्वस्थ हरियाणा, एक सशक्त हरियाणा, यही मेरा संकल्प है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव प्रदीप कुमार ने युवाओं और समाज के प्रति अपने गहरे सरोकार को व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल एक व्यक्ति के स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि यह पूरे परिवार की खुशियों और समाज की प्रगति को भी दीमक की तरह चाट जाता है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर हमारा उद्देश्य केवल एक दिन की जागरूकता तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के भीतर एक स्थायी जिम्मेदारी का भाव जगाना है। जब हमारा युवा तंबाकू, सिगरेट, बीड़ी और अन्य नशीले पदार्थों को पूरी तरह नकार देगा, तभी हम एक सशक्त राष्ट्र की नींव रख पाएंगे। रेडक्रॉस सोसायटी हर उस कदम के साथ खड़ी है जो हमारे समाज को इस सामाजिक बुराई से मुक्त कराने में सहायक होगा। सचिव प्रदीप कुमार ने इस बात पर विशेष बल दिया कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई को हर घर और हर मोहल्ले तक पहुंचाना होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं को इस अभियान का दूत समझें और अपने आसपास के लोगों को भी इस लत से बाहर निकालने में मदद करें।

