भिवानी: विश्व रेडक्रॉस दिवस पर 46 युवाओं ने किया रक्तदान, समाजसेवी सम्मानित
भिवानी रेडक्रॉस भवन में विश्व रेडक्रॉस दिवस पर भव्य कार्यक्रम। 46 यूनिट रक्त एकत्रित, आंखों और दांतों का फ्री चेकअप कैंप। उपायुक्त साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजन।
भिवानी, 08 मई : मानवता और सेवा के प्रतीक विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को स्थानीय जिला रेडक्रॉस भवन में प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त एवं भिवानी रेडक्रॉस अध्यक्ष साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने ना केवल सेवा का संदेश दिया, बल्कि जिले के जागरूक नागरिकों को एक मंच पर भी एकत्रित किया। इस मौके पर बतौर मुख्यअतिथि जिला रैडक्रॉस सोसायटी के सचिव प्रदीप कुमार ने शिरकत की। दिवस की महत्ता को देखते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर रक्तकोष चौ. बंसीलाल नागरिक हस्पताल के सहयोग से आयोजन किया गया। शिविर में 46 युवाओं ने रक्तदान किया। कार्यक्रम के दौरान भारतीय रैडक्रॉस सोसायटी की हरियाणा राज्य शाखा चंडीगढ़ के अध्यक्ष एवं राज्यपाल के विश्व रेड क्रॉस दिवस संदेश को सभी महाविद्यालयों, विश्वविद्यालय व शिक्षण संस्थानों में यूथ रेड क्रॉस व जूनियर रेड क्रॉस के टीम सहित पहुंचाया गया। इस दौरान सचिव प्रदीप कुमार ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और आपका एक यूनिट दान किसी परिवार की खुशियां वापस ला सकता है।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में से एक रहा सम्मान समारोह। इस दौरान जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, नियमित रूप से रक्तदान करने वाले रक्तवीरों और हाल ही में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पब्लिक स्कूल बाल भवन के विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान मानव सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए कार्यक्रम में स्वास्थ्य कैंपों का भी आयोजन किया गया। जिसमें सेंटर फॉर साइट आई हॉस्पिटल की टीम द्वारा आंखों की विस्तृत जांच की गई एवं त्रिवेणी डेंटल क्लिनिक के चिकित्सकों द्वारा उपस्थित सभी 200 से अधिक लोगों के दांतों की जांच की गई और मौखिक स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा सामाजिक सहभागिता निभाते हुए रेडक्रॉस की ओर से सभी रक्तदाताओं और प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विधार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर रैडक्रॉस सचिव प्रदीप कुमार ने कहा कि रेडक्रॉस का मूल मंत्र ही संकट के समय निस्वार्थ भाव से सेवा करना है। आज उपायुक्त के मार्गदर्शन में हमने न केवल इस दिवस को मनाया है, बल्कि समाज के उन वर्गों को सम्मानित किया है जो पर्दे के पीछे रहकर मानवता की सेवा में जुटे हैं। रक्तदाताओं और सामाजिक संस्थाओं का यह जज्बा ही भिवानी को सेवा के क्षेत्र में अग्रणी बनाए रखता है। हमारा प्रयास है कि स्वास्थ्य और सेवा की ये सुविधाएं जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचें।

