भिवानी योगा स्टूडियो द्वारा आयोतिज तीन दिवसीय योग शिविर का हुआ समापन
भिवानी, 21 जून : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में भिवानी योगा स्टूडियो द्वारा स्थानीय हुडा पार्क में आयोजित किए गए तीन दिवसीय योग शिविर का रविवार को समापन हो गया। कार्यक्रम में मेरा युवा भारत भिवानी, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। रविवार प्रात: 5:30 बजे से 7 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं योग साधकों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यह कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी मनसा के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज वैश्विक स्तर पर व्यापक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि योग ना केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक जीवनशैली को भी प्रोत्साहित करता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को स्वस्थ, सक्रिय एवं दीर्घायु जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने हेतु प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। विशेष आकर्षण के रूप में भिवानी योगा स्टूडियो के बाल योग साधकों ने उत्कृष्ट योग प्रस्तुतियां देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस मौके पर भिवानी योगा स्टूडियो के संचालक बंटी मेघवाल ने सभी प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भिवानी योगा स्टूडियो भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं जागरूकता आधारित योग कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत एवं जीवन संतुलित बना रहता है। वर्तमान समय में योग तनावमुक्त, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी मनसा, मेरा युवा भारत भिवानी के लेखाकार एवं कार्यक्रम सहायक जितेंद्र सैनी, प्रवीण गोलागढ़, बंटी मेघवाल, सन्नी झींझर, राहुल गहलावत, मोहित कुमार, स्वराज लोहानी, मुकेश सचदेवा, दीपक चौहान, परवीन, सुनील, रवि एवं पुनीत सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। भिवानी योगा स्टूडियो की ओर से इंदु शर्मा, ज्योति वाधवा, कोमल, ऋतु चावला, अंजलि, सरोज, मुकेश सचदेवा, दीपक चौहान, परवीन, सुनील, कमल, रवि एवं पुनीत सहित अनेक योग साधकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

