Bhiwani Yoga Teacher Job Fraud: योगा टीचर लगवाने के नाम पर ₹46 लाख की ठगी, भिवानी पुलिस ने आरोपी को दबोचा

भिवानी में योगा टीचर लगवाने के नाम पर 18 युवाओं से ₹46.15 लाख ठगने वाले आरोपी प्रदीप को जिला अनुसंधान इकाई ने गिरफ्तार कर जेल भेजा।

 
हरियाणा नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी

जिला अनुसंधान इकाई ने योगा टीचर लगवाने के नाम पर 18 बेरोजगार युवाओं से 46 लाख 15 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार।

पुलिस टीम ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 03 दिन के पुलिस रिमांड पर किया था हासिल।

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा आम नागरिकों से नौकरी लगवाने, विदेश भेजने तथा अन्य मामलों में धोखाधड़ी कर लाखों रुपये हड़पने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक द्वारा ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

 इसी क्रम में जिला अनुसंधान इकाई भिवानी ने योगा टीचर लगवाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामले में पुलिस द्वारा गहनता से जांच करते हुए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

शिकायतकर्ता रविंद्र निवासी गांव बिधनोई, थाना बहल, जिला भिवानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह गांव में डेयरी का कार्य करता है। शिकायतकर्ता की सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवक से जान-पहचान हुई। जिसने बताया कि उसकी सरकारी महकमे में काफी जान-पहचान है तथा वह सरकारी व गैर-सरकारी नौकरी लगवा सकता है। इसके बाद शिकायतकर्ता को चंडीगढ़ बुलाकर आयुष विभाग के बड़े अधिकारी से मुलाकात करवाने की बात कही। प्रदीप नामक युवक भी मिला, जिसे आयुष विभाग चंडीगढ़ में बड़े अधिकारी के पद पर बताया गया। आरोपियों ने महर्षि योगा फाउंडेशन के माध्यम से विभिन्न राज्यों के सरकारी स्कूलों में योगा सहायक व योगा अध्यापक की नौकरी लगवाने का झांसा दिया और इस फेडरेशन के डायरेक्टर नरेंद्र से मिलवाया आरोपियों ने शिकायतकर्ता सहित 18 बेरोजगार युवाओं से नौकरी लगवाने के नाम पर कुल 46 लाख 15 हजार रुपये की धोखाधड़ी की।

अभियोग में आगामी कार्रवाई करते हुए दिनांक 07.08. 2026 को जिला अनुसंधान इकाई के एएसआई राजीव कुमार ने एक आरोपी को माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। 

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान प्रदीप पुत्र शीशपाल, निवासी बीबीपुर के रूप में हुई है।

पुलिस टीम द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 03 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया था। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस टीम द्वारा आरोपी से गहनता से पूछताछ की गई तथा अभियोग में धोखाधड़ी से संबंधित तथ्यों एवं अन्य आरोपियों की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाई गई। अभियोग में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को आज पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी को जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।