Haryana Crime News Bhiwani: सैलून संचालक रविंद्र की हत्या पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 2 मुख्य आरोपी पुलिस हिरासत में

भिवानी में प्रेम प्रसंग की रंजिश के चलते 25 वर्षीय रविंद्र की पीट-पीटकर हत्या। पुलिस ने 2 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।
 
हरियाणा पुलिस आधिकारिक पोर्टल

भिवानी: हरियाणा के भिवानी में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के सिटी स्टेशन लाइन पार निवासी 25 वर्षीय रविंद्र के रूप में हुई है। वह हेयर सैलून चलाता था। आरोप है कि एक युवती के भाइयों ने अपने साथियों के साथ मिलकर रविंद्र और उसके दो दोस्तों पर हमला किया। पुलिस ने मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
 

दोस्तों को भी किया घायल

पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब तीन बजे सूचना मिली कि तीन युवक गंभीर हालत में सड़क पर पड़े हैं। सूचना मिलने के बाद ईआरवी टीम मौके पर पहुंची और तीनों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने रविंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं हांसी के विराज नगर निवासी अजय और अनिल का उपचार शुरू किया गया। घायल अजय और अनिल ने पुलिस को बताया कि गाड़ी और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए करीब 10-12 युवकों ने तीनों पर लाठी-डंडों से हमला किया। हमलावरों ने रविंद्र को भी बुरी तरह पीटा। इसके बाद तीनों को सडक़ पर बेसुध हालत में छोडक़र फरार हो गए।

पुलिस ने क्या बताया

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि रविंद्र एक युवती के संपर्क में था। युवती के भाइयों रवि और मनीष को इसकी जानकारी हो गई थी। आरोप है कि दोनों ने पहले भी रविंद्र को युवती से बातचीत बंद करने के लिए समझाया था, लेकिन बातचीत जारी रहने के कारण उनके बीच रंजिश हो गई। पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश के चलते रविंद्र पर उसके दोस्तों के साथ हमला किया गया। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण और वारदात में शामिल आरोपियों की भूमिका की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। सदर थाना एसएचओ महावीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ सामने आया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।