भिवानी की राष्ट्रीय बाल कलाकार यश्वी ने लहराया परचम
भिवानी:
कला और संस्कृति को बढ़ावा देने वाली कौशिक नाट्य नृत्य अकादमी की भिवानी की प्रतिभाशाली छात्रा और राष्ट्रीय बाल कलाकार यश्वी ने एक बार फिर अपनी अद्भुत कला का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। हाल ही में स्थानीय वैश्य इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित ब्लॉक स्तरीय कला उत्सव में यश्वी ने सोलो क्लासिकल डांस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवा कलाकारों ने भाग लिया था, लेकिन यश्वी के नृत्य ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। उनके मोहक और भावपूर्ण प्रदर्शन ने दर्शकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे पूरा सभागार तालियों की गडगड़़ाहट से गूंज उठा। उनकी इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि लगन, कठोर परिश्रम और सही मार्गदर्शन के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
यश्वी की यह उपलब्धि कोई पहली नहीं है। वह पहले भी कई पुरस्कार और सम्मान हासिल कर चुकी हैं। उनकी कला और प्रतिभा को देखते हुए उन्हें अब तक सात बार राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा भी उन्हे कई मंत्रियों व समाजसेवी संगठनों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
यश्वी न केवल अपनी अकादमी, बल्कि पूरे भिवानी जिले के लिए गौरव का विषय बन गई हैं। उनकी इस जीत के बाद कौशिक नाट्य नृत्य अकादमी में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। संस्था के सदस्यों ने यश्वी को फूलों की माला पहनाकर उनका स्वागत किया और उन्हें उनकी अद्भुत उपलब्धि के लिए बधाई दी।
कौशिक नाट्य नृत्य अकादमी के अध्यक्ष पवन कौशिक और सुनील कौशिक सहित सभी गुरुजनों ने यश्वी को उनकी सफलता पर बधाई दी। उन्होंने यश्वी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य युवा कलाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
उन्होंने कहा कि यश्वी ने अपनी प्रतिभा के बल पर ना केवल क्षेत्रवासियों को गौरवान्वित किया है, बल्कि यह भी साबित किया है कि यदि किसी भी क्षेत्र में पूरी लग्न, मेहनत व जज्बे के साथ आगे बढ़ा जाए तो निश्चित तौर पर सफलता कदम चूमती है। उन्होंने कहा कि यश्वी की यह सफलता भिवानी के कला जगत में एक नई उम्मीद जगाने के साथ युवा पीढ़ी अपनी प्रतिभा से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित भी करेगी।
इस अवसर पर संस्था के अन्य सदस्य मीनाक्षी, आरती, नैना कौशिक, सतीश कुमार, अजय जांगड़ा, अनिल शर्मा वत्स, मोहित चांवरिया, प्रवीण कुमारी भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर यश्वी की प्रतिभा की सराहना की और अकादमी के प्रयासों की प्रशंसा की, जो बच्चों को कला और संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढऩे का सुनहरा अवसर प्रदान कर रही है।