भारतीय किसान संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक में गूंजी भिवानी की समस्याएं
भिवानी:
भारतीय किसान संघ हरियाणा की प्रदेश स्तरीय बैठक कुरुक्षेत्र के डीडीए विभाग के कार्यालय में संपन्न हुई। इस बैठक में प्रदेशभर के पदाधिकारियों ने शिरकत की, लेकिन मुख्य केंद्र भिवानी और दादरी क्षेत्र की कृषि समस्याएं और उनके समाधान रहे। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के कृषि मंत्री माननीय श्याम सिंह राणा मौजूद रहे।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सतीश छिकारा और प्रदेश महामंत्री रामबीर चौहान ने की। बैठक के दौरान भिवानी और दादरी जिले के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या अनाज भंडारण को प्रमुखता से उठाया।
भाकिसं भिवानी जिला अध्यक्ष अजमेर तालु, जिला मंत्री जेपी बराला, दादरी जिला अध्यक्ष विक्रम तिवाला और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डा. धर्मबीर सिंह दहिया ने कृषि मंत्री को एक विशेष प्रस्ताव सौंपा। जिसमें भिवानी-दादरी रोड पर उपलब्ध खाली जमीन पर सरकार द्वारा अनाज भंडारण के लिए आधुनिक गोदामों का निर्माण किए जाने की मांग रखते हुए कहा कि अनाज मंडी में खरीद के बाद अक्सर भंडारण की जगह न होने के कारण फसल खराब होने का डर बना रहता है। यदि यहां गोदाम बनते हैं, तो पूरे क्षेत्र के किसानों को राहत मिलेगी।
इस मौके पर भाकिसं के प्रदेश मंत्री व बिजली आयाम प्रमुख महीपाल बड़दु ने पूरे प्रदेश सहित विशेषकर भिवानी क्षेत्र के किसानों की बिजली, पानी और मंडी की समस्याओं पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि अधिक बरसात और जलभराव के कारण खराब हुई फसलों का बीमा क्लेम या सरकारी मुआवजा अभी तक किसानों को नहीं मिला है। खेती के लिए बिजली की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंडियों में सरकार द्वारा निर्धारित रेट पर अनाज न लेने की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई हो। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि वर्ष 2018 से लंबित ट्यूव्बैल कनेक्शन किसानों को दिए जाए, जिनका भुगतान किसानों द्वारा किया जा चुका है।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने किसान संघ की मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कुछ समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर ही अधिकारियों को फोन के माध्यम से आदेश जारी किए।
उन्होंने यह भी बताया कि किसान संघ की कुछ मांगों को सरकार पहले ही लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है, जिसके लिए संघ ने उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ की हर तीन महीने में होने वाली बैठक में मैं स्वयं उपस्थित रहूंगा, ताकि किसानों की समस्याओं का जमीनी स्तर पर समाधान हो सके।
बैठक के समापन सत्र में संघ के प्रदेश मंत्री महीपाल बड़दु ने क्षेत्रीय संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह और कृषि मंत्री से आग्रह किया कि अगली प्रदेश स्तरीय बैठक भिवानी जिले में आयोजित की जाए। उन्होंने सभी जिलों के अध्यक्षों और प्रदेश कार्यकारिणी को भिवानी आने का निमंत्रण भी दिया। बैठक में हिसार जिला अध्यक्ष दिलबाग सिंह, सतीश, रामकलाश, संजय जाखड़, रोहताश पंघाल फतेहाबाद, सुनील चहल जींद, राजबीर पुनिया, राज सिंह, कुलदीप महला सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

