HTET में बड़ा घोटाला,भाजपा सरकार पाक-साफ है तो मुख्यमंत्री सीबीआई जांच करवाएं...शेठी धनाना

 
HTET में बड़ा घोटाला,भाजपा सरकार पाक-साफ है तो मुख्यमंत्री सीबीआई जांच करवाएं...शेठी धनाना

भिवानी

जननायक जनता पार्टी की युवा विंग ने आज हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा को लेकर समस्त हरियाणा में उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम मांग पत्र सौंपा।

उसी कड़ी में भिवानी के लघु सचिवालय में युवा जजपा जिलाध्यक्ष शेठी धनाना और प्रभारी ओमी राजपूत बापौडा के नेतृत्व में एक मांग पत्र सौंपा गया जिसमें HTET परिक्षा की सीबीआई जांच की मांग की गई।

जजपा युवा जिलाध्यक्ष शेठी धनाना और प्रभारी ओमी राजपूत बापौडा ने कहा कि यह गम्भीर विषय है। बोर्ड चैयरमेन के सानिध्य में यह घोटाला हुआ है इसलिए सरकार की बिना पर्ची खर्ची के नारे पर सवालिया निशान लगना लाजमी है। उन्होंने बोर्ड चैयरमेन पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि उनके उपर ओपीजेएस यूनिवर्सिटी राजस्थान में भी एक मामला दर्ज हुआ था और उसके बाद भी हरियाणा विघालय शिक्षा बोर्ड चैयरमेन पर उन्हें बैठाना इस बात का साफ साफ प्रमाण है की भाजपा सरकार भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने में विश्वास रखती है।
उन्होंने बोर्ड चैयरमेन को सार्वजनिक मंच पर चुनौती देते हुए कहा कि यदि बोर्ड चैयरमेन इस मामले पाक साफ है तो श्वेत पत्र जारी करदे। उन्होंने कहा कि परिक्षा में अनियमितताएँ एवं संदेहास्पद परिस्थितियाँ सामने आई हैं, जो परीक्षा की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती हैं। इस संबंध में निम्नलिखित बिंदुओं पर आपका ध्यान आकर्षित करना आवश्यक है—
    1.    जब HTET परीक्षा का परिणाम पूर्ण रूप से तैयार हो चुका था, तब उसे अचानक रिकॉल क्यों किया गया? इसके पीछे क्या कारण थे, यह आज तक सार्वजनिक नहीं किया गया है।
    2.    परीक्षा परिणाम जारी करने हेतु एक पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग (PSU) को कार्य सौंपा गया, जबकि उक्त संस्था को इस प्रकार के परीक्षा परिणाम तैयार करने का कोई पूर्व अनुभव नहीं था। कृपया स्पष्ट किया जाए कि किस आधार एवं किन मानकों पर उस PSU का चयन किया गया।
    3.    यह तथ्य अत्यंत चौंकाने वाला है कि प्रथम बार में परिणाम मात्र 30 दिनों में तैयार हो गया था, किंतु पुनः परिणाम तैयार करने में 110 दिन क्यों लग गए? इस अत्यधिक विलंब के लिए कौन जिम्मेदार है?

वहीं दिग्विजय सिंह चौटाला के प्रैस सचिव राजू मेहरा ने कहा कि सरकार का असली चेहरा उजागर हो गया है। उन्होंने सरकार से और बोर्ड चैयरमेन से सवाल करते हुए कहा कि यदि परिक्षा में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है तो भाजपा सरकार इस बात का जवाब दें कि नए घोषित परिणाम में त्रुटि के मार्जिन के आधार पर 1284 नए अभ्यर्थियों को उत्तीर्ण घोषित कर दिया गया, जबकि इन अभ्यर्थियों का परिणाम हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की वेबसाइट पर भी जारी नहीं किया गया। इन अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक प्रक्रिया भी पूरी नहीं की गई।

अतः इन सभी अभ्यर्थियों के रोल नंबर सार्वजनिक किए जाएँ।
    इसके साथ साथ जानकारी के अनुसार, बोर्ड के तत्कालीन सचिव द्वारा परीक्षा परिणाम घोषित करने की स्वीकृति हेतु फाइल बोर्ड चेयरमैन को भेजी गई थी, किंतु चेयरमैन द्वारा उसे पुनः बोर्ड को लौटा दिया गया। इतना ही नहीं, सरकार द्वारा तत्काल प्रभाव से बोर्ड सचिव को बदल भी दिया गया।
जबकि प्रक्रिया के अनुसार कैमरे की निगरानी में परिणाम तैयार किया जा चुका था बायोमेट्रिक उपस्थिति पूरी थी, सिक्योरिटी ऑडिट सम्पन्न हो चुका था, सिक्रेसी ब्रांच एवं तीन प्रमाणित एजेंसियों द्वारा परिणाम को स्वीकृति दी जा चुकी थी, तथा सचिव द्वारा निष्कर्ष निकालकर चेयरमैन कार्यालय को परिणाम जारी करने हेतु भेज दिया गया था, तो ऐसे में परिणाम को रिकॉल करने का औचित्य क्या था?

राजू मेहरा ने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेशानुसार किसी भी अभ्यर्थी को अपनी OMR शीट प्राप्त करने हेतु दो वर्षों का समय दिया जाता है। परंतु HTET 2024 के नए परिणाम की प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को केवल 10 दिनों की अवधि ही प्रदान की गई।
हरियाणा सरकार यह स्पष्ट करे कि क्या OMR शीट्स को नष्ट कर दिया गया है? यदि ऐसा किया गया है, तो यह माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों का सीधा उल्लंघन है तथा एक अत्यंत गंभीर धांधली का विषय है।

  वहीं वर्तमान बोर्ड चेयरमैन पवन शर्मा पर पूर्व में OPJS विश्वविद्यालय में अनियमितताओं एवं बिना अनुमति पाठ्यक्रम संचालित करने जैसे गंभीर आरोप लग चुके हैं, जिनकी शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय तक भी की जा चुकी है। ऐसे में यह प्रश्न स्वाभाविक है कि हरियाणा सरकार की ऐसी क्या मजबूरी थी कि उन्हें इस अत्यंत संवेदनशील एवं जिम्मेदारीपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया।

महामहिम राज्यपाल से मांग करते हुए जजपा युवा नेताओं ने कहा कि लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़े इस अति संवेदनशील मामले में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जाँच कराई जाना अत्यंत आवश्यक है  इसलिऐ सरकार इस गंभीर विषय का संज्ञान लेते हुए HTET परीक्षा परिणाम में हुई धांधली की CBI जाँच तुरंत प्रभाव से करवाई जाऐ। जजपा युवा नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भाजपा सरकार ने सीबीआई जांच नहीं करवाई तो जजपा माननीय कोर्ट में याचिका दायर कर दुध का दुध और पानी का पानी करेगी। इस मौके पर 
शेठी धनाना युवा जिलाध्यक्ष,
ओमी बापौडा युवा प्रभारी, अजमेर मुंढाल,राजू मेहरा प्रैस सचिव दिग्विजय सिंह चौटाला,जयदीप ग्रेवाल,भोलू घणघस,सज्जन प्रजापत,घनश्याम गर्ग,शक्ति,रोहित सांगवान ,निखिल ग्रेवाल,सुमित ढुल,शन्नी बापौडा,सोमबीर बापौडा सहित अनेक युवा साथी उपस्थित थे।।।