भाजपा कोर गु्रप की बैठक आयोजित, संगठनात्मक विषयों सहित कई मुद्दों पर हुई चर्चा 

 
भाजपा कोर गु्रप की बैठक आयोजित, संगठनात्मक विषयों सहित कई मुद्दों पर हुई चर्चा 

भिवानी :

स्थानीय जिला भाजपा कार्यालय में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की कोर गु्रप की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य तौर पर पूर्व प्रदेश सचिव समय सिंह भाटी, पूर्व जिला अध्यक्ष नारनौल दयाराम यादव पहुंचे। इस दौरान उनके साथ भिवानी-महेंद्रगढ़ से लोकसभा सांसद चौ. धर्मबीर, बवानीखेड़ा विधायक कपूर वाल्मीकि, पूर्व मंत्री जेपी दलाल, भिवानी प्रभारी रेणु डाबला, जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक भी मौजूद रहे। कोर गु्रप की बैठक में संगठनात्मक मजबूती, आगामी चुनावी रणनीति और अन्य समसामयिक मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। इसके साथ ही आगामी चुनावों के मद्देनजऱ रणनीतिक रूपरेखा भी बैठक में तैयार की गई।
     बैठक के दौरान बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण, सामाजिक मीडिया रणनीति, और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उपायों पर विचार किया गया।

बता दे कि 20 मई को चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री के निवास स्थान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रदेश छोटी टोली की बैठक आयोजित हुई थी। जिसमें जिला अनुसार प्रवास कार्यक्रम तय किए गए थे। जिसमें जिला कोर ग्रुप बैठक, मन की बात कार्यक्रम, तिरंगा यात्रा, सिंदूर यात्रा, अटल शताब्दी वर्ष, अहिल्याबाई होल्कर कार्यक्रम, एक देश-एक चुनाव, एक भारत-श्रेष्ठ भारत, नगर निगम पार्षदों से चर्चा बारे ड्यूटियां लगाई थी, उसी कड़ी में सोमवार को भिवानी में कोर गु्रप की बैठक आयोजित हुई।
       बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि यह बैठक नियमित संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है। पार्टी का फोकस राष्ट्र हित के साथ-साथ संगठन को और अधिक प्रभावी एवं सक्रिय बनाने पर है। उन्होंने कहा कि इस बैठक का उद्देश्य भाजपा द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी कार्यकर्ताओं को देने के साथ-साथ उन कार्यो को अमलीजामा पहनाने की रूपरेखा तैयार करने के अलावा भाजपा सरकार द्वारा जनहित में लागू की जा रही नीतयों को तेजी व मजबूती से प्रत्येक जन तक पहुंचाना भी था।

उन्होंने कहा कि कोर गु्रप की बैठक केवल नियमित समीक्षा नहीं होती, बल्कि यह पार्टी के निर्णय प्रक्रिया का एक केंद्रीय मंच होती है, जहां बड़े फैसले लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की कोर गु्रप की बैठक संगठन की रीढ़ है। इसका महत्व सिर्फ निर्णयों तक सीमित नहीं, बल्कि पार्टी के अनुशासन, एकता और दीर्घकालीन दृष्टिकोण को सुनिश्चित करने में भी होता है।