Sewa Sankalp Abhiyan Haryana: भिवानी में सुनीता दुग्गल का ऐलान, सेवा संकल्प अभियान में होगी समाज के हर वर्ग की भागीदारी
सेवा संकल्प अभियान में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित होगी : सुनीता दुग्गल
भिवानी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर भिवानी रेस्ट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने की। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दुग्गल ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा और इसके तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
सुनीता दुग्गल ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा के कार्यों को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ना है। अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों—युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संस्थाएं, धार्मिक एवं सामाजिक संगठन तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों—को सेवा कार्यों में सहभागी बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 25 प्रमुख सेवा गतिविधियों पर विशेष रूप से कार्य किया जाएगा। इनमें रक्तदान शिविर, अनाथालय एवं वृद्धाश्रम भ्रमण, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर, गांव को गोद लेकर सेवा कार्य, योग एवं ध्यान, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, वंचित बच्चों को शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, अंगदान संकल्प, नशामुक्ति जागरूकता, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग, साइबर सुरक्षा, फिट इंडिया गतिविधियां, वीर गाथा एवं सैनिक सम्मान, दिव्यांगजन सहयोग, मतदाता जागरूकता, वोकल फॉर लोकल तथा सरकारी योजनाओं की जागरूकता जैसे विषय शामिल हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत प्रत्येक नागरिक अपनी रुचि और स्थानीय आवश्यकता के अनुसार सेवा का कोई एक कार्य चुन सकता है। यह सेवा कार्य घर, मोहल्ले, गांव, स्कूल, कार्यस्थल अथवा किसी सार्वजनिक स्थान पर किया जा सकता है। सेवा कार्य से पहले और बाद की तस्वीर अथवा संक्षिप्त वीडियो के माध्यम से वास्तविक बदलाव को सामने लाने पर भी जोर दिया गया है।
अभियान के तहत ‘कहानी बदलाव की’ के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की वास्तविक एवं प्रेरणादायी कहानियों को सामने लाया जाएगा। कार्यकर्ताओं द्वारा लाभार्थियों से संपर्क कर उनके अनुभवों को छोटे वीडियो के माध्यम से रिकॉर्ड किया जाएगा, जिससे योजनाओं के कारण जीवन में आए बदलावों को समाज के सामने रखा जा सके।
इसी प्रकार ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से गांव, जिला और राज्य स्तर पर जनभागीदारी को बढ़ाया जाएगा। यात्रा के समापन पर जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पिछले वर्षों के सेवा कार्यों की जानकारी साझा करने के साथ ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान में ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और उन्हें एक ही स्थान पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है।
सुनीता दुग्गल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को व्यापक सामाजिक स्वरूप देते हुए इसमें एनजीओ, आध्यात्मिक संगठन, शैक्षणिक संस्थान, सरकारी संस्थान और My Bharat Volunteers को भी संस्थागत भागीदार बनाया जाएगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने और सेवा के माध्यम से सकारात्मक बदलाव का हिस्सा बनने का आह्वान किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभियान की विभिन्न गतिविधियों, उनकी समय-सीमा, जनभागीदारी तथा संगठनात्मक स्तर पर किए जाने वाले कार्यों को लेकर भी विस्तार से जानकारी दी गई।इस अवसर पर जिला महामंत्री रमेश पचेरवाल, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप प्रजापति, जिला मीडिया प्रभारी राकेश मिश्रा , जतिन चावला उपस्थित रहे ।