हांसी में BJP नेता ने चलाई गोलियां 

 
हांसी में BJP नेता ने चलाई गोलियां 

हांसी में नाली के मामूली विवाद में भाजपा नेता ने पिस्टल निकालकर गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया।

लोग तुरंत अपने घर के भीतर चले गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले। इसके बाद भाजपा नेता और दूसरे पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बेवजह हवाई फायरिंग करने को लेकर भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक भाजपा के मंडल अध्यक्ष विजय मलिक हांसी के गांव देपल में रहते हैं। वह भाजपा के उमरा मंडल अध्यक्ष हैं।

उनका पड़ोसियों से नाली को लेकर विवाद हो गया। शनिवार की सुबह पड़ोसियों से बहस ज्यादा बढ़ गई।

विवाद बढ़ने पर भाजपा नेता तैश में आ गए। वह घर के भीतर गए और अपना लाइसेंसी पिस्टल निकालकर ले आए। इसके बाद बाहर आकर उन्होंने 2 हवाई फायर किए।

इसके बाद वहां का माहौल बिगड़ गया। पुलिस की टीम तुरंत वहां पहुंची। मौके पर किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

अभी भाजपा नेता का इस घटना को लेकर बयान सामने नहीं आया है। पड़ोसियों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।