सांसद धर्मबीर सिंह ने लोकसभा में उठाई 300 करोड़ रुपये की क्लेम राशि की मांग
भिवानी :
भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के किसानों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। इस क्षेत्र के सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने लोकसभा में किसानों की कपास की फसल-2023 के लंबित 300 करोड़ रुपये के क्लेम की राशि दिलवाने की पुरजोर मांग उठाई है।
इस पहल के लिए धर्मसेना, किसान संघर्ष समिति और भारतीय किसान संघ जैसे प्रमुख किसान संगठनों ने सांसद का आभार व्यक्त किया है। धर्मसेना किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रविंद्र मांढ़ी व भारतीय किसान संघ के प्रदेश मंत्री एवं बिजली आयाम प्रमुख महिपाल बड़दू ने कहा कि सांसद चौ. धर्मबीर सिंह हमेशा ही क्षेत्र के किसानों और आम जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनका समाधान करवाने के लिए तत्पर रहते हैं।
उनकी यह पहल किसानों के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जो पिछले काफी समय से फसल बीमा क्लेम की राशि मिलने का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत में क्षेमा नामक कंपनी रजिस्टर्ड की गई। जिसने भिवानी-महेंद्रगढ़, लोकसभा क्षेत्र के किसानों के 300 करोड़ रूपये की क्लेम राशि का गबन किया।
जिसके लिए लगातार किसान धरनारत्त भी है। सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया और इसे सीधे लोकसभा में उठाया। उन्होंने केंद्र सरकार से तुरंत इस मामले में हस्तक्षेप करने और प्रभावित किसानों को 300 करोड़ रुपये की क्लेम राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का आग्रह किया। सांसद की इस पहल से क्षेत्र के किसानों में एक नई उम्मीद जगी है।

