महापुरूषों के सिद्धांतों के अनुसार हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रयासरत है भाजपा : विरेंद्र कौशिक 

 
महापुरूषों के सिद्धांतों के अनुसार हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रयासरत है भाजपा : विरेंद्र कौशिक 

भिवानी :

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर वीरवार को स्थानीय जिला भाजपा कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के देश के प्रति अविस्मरणीय योगदान को याद किया। कार्यक्रम में भाजपा के जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक बतौर मुख्य वक्ता शामिल हुए। उन्होंने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और नमन किया।

इस मौके पर जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने कहा कि देश की आजादी और उसके बाद के विकास में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का अविस्मरणीय योगदान रहा है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज की युवा पीढ़ी को इन महापुरुषों के दिखाए सत्य, अहिंसा और सादगी के मार्ग पर चलने की सख्त जरूरत है, ताकि देश को सही दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।

विरेंद्र कौशिक ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार देश के इन महान महापुरुषों की शिक्षाओं और सिद्धांतों को अपनाते हुए देश के संपूर्ण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा इन सिद्धांतों के अनुसार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि महापुरुषों के जीवन आदर्शो को प्रत्येक जन तक पहुंचाने और उनके योगदान को याद रखने के लिए ही भारतीय जनता पार्टी द्वारा उनकी जयंती पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।

इस अवसर पर जिला कार्यालय में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के बलिदान को याद किया और उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संदीप श्योराण, रमेश पचेरवाल, रेखा राघव, बिशंबर अरोड़ा, हरि सिंह, आरके शर्मा, कुलदीप भारद्वाज, इतेंद्र शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी राकेश मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।