भाजपा की आत्मनिर्भर भारत रथ यात्रा का भिवानी में हुआ स्वागत 

 
भाजपा की आत्मनिर्भर भारत रथ यात्रा का भिवानी में हुआ स्वागत 

भिवानी:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुरू की गई आत्मनिर्भर भारत संकल्प रथ यात्रा का शुक्रवार को भिवानी पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया।

भाजपा जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और जयघोष के साथ रथ की अगवानी की। यह रथ यात्रा प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा कैथल से 7 दिसंबर से शुरू की गई थी।

जिसका उद्देश्य नागरिकों को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करना और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देना है। जिसके तहत प्रत्येक जिला में घूमकर यह रथ लोगों को आत्मनिर्भर भारत के लिए स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। रथ के माध्यम से हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी और वोकल फॉर लोकल का नारा दिया जा रहा है।

इसके अलावा रथ के माध्यम से सरकारी योजनाओं, जैसे मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया और स्टैंडअप इंडिया की जानकारी दी जा रही है। स्थानीय घंटाघर चौक पर पहुंचने पर विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं के साथ रथ पर पुष्प वर्षा की। इस अवसर पर लोगों को भारत को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने की शपथ दिलाई।

इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और आत्मनिर्भरता ही उसका एकमात्र मार्ग है। यह रथ केवल एक वाहन नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक है। जब हम स्थानीय स्तर पर बनी वस्तुओं को खरीदेंगे, तो हमारे अपने युवाओं को रोजगार मिलेगा और देश का पैसा देश में ही रहेगा।

उन्होंने कहा कि भिवानी जिला हमेशा से राष्ट्रवादी विचारधारा का केंद्र रहा है और यहां के लोग इस अभियान को एक जन आंदोलन बनाएंगे। उन्होंने व्यापारियों और युवाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक स्वदेशी अपनाएं।

इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष अधिवक्ता रामकिशन शर्मा, संदीप सजूमा, अजीत सिवानी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संदीप श्योराण, मीना परमार, रविंद्र बापोड़ा, कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता, जिला प्रवक्ता विनोद चावला, नरेश गर्ग, मीनू अग्रवाल, संजय दुआ, जिला मीडिया प्रभारी राकेश मिश्रा, राजेश जांगड़ा, शालू अरोड़ा, प्रदीप घुसकानी, कृष्ण कुमार ग्रेवाल, पिंकी नागर, सोनिया अत्री, नविता तंवर, सुनील भारद्वाज धारेडू, लोकेश बंटी, प्रदीप मुंढ़ाल, अंकित पालुवास सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।