BJYMO Chief Akshit Dahiya Bhiwani Visit: भिवानी पहुंचे भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अक्षित दहिया, बोले- बिना पर्ची, बिना खर्ची पर काम कर रही सरकार

भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अक्षित दहिया पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार भिवानी पहुंचे। जानिए उन्होंने संगठन मजबूती, रोजगार और पेपर लीक मुद्दों पर क्या कहा।
 
बिना पर्ची बिना खर्ची हरियाणा

भिवानी पहुंचे भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अक्षित दहिया, संगठनात्मक मजबूती, युवा जुड़ाव और सरकार की नीतियों पर दिया जोर


तीन प्रमुख स्तंभों संगठन, चुनाव और सामाजिक सरोकार पर काम करेगा युवा मोर्चा : अक्षित दहिया 


युवाओं को जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बनाना है भाजपा सरकार का लक्ष्य : प्रदेश अध्यक्ष अक्षित दहिया


बिना पर्ची, बिना खर्ची के सिद्धांत पर काम कर रही भाजपा सरकार : भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अक्षित दहिया


पेपर लीक पर सरकार सख्त, सीबीआई जांच, त्वरित पारदर्शी परीक्षा और नो टॉलरेंस नीति : दहिया 


राहुल मुंढाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक, कहा : भाजपा में निष्ठा और परिश्रम का सदैव सम्मान


भिवानी, 21 अगस्त : भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा हरियाणा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष अक्षित दहिया अपने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार भिवानी पहुंचे। स्थानीय जिला भाजपा कार्यालय में उनका जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। इस दौरे के दौरान संगठनात्मक विस्तार और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकने के उद्देश्य से एक विशेष संगठनात्मक परिचय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद के वार्ड नंबर-2 से पार्षद एवं युवा नेता राहुल मुंढाल ने की। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और भाजयुमो के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके अक्षित दहिया के आगमन को लेकर युवाओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया।

मीडिया और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अक्षित दहिया ने अपनी संगठनात्मक रणनीति साझा की। उन्होंने बताया कि एक अगस्त को भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष का दायित्व मिलने के बाद से हम लगातार जिला स्तर पर संगठनात्मक परिचय बैठकों का आयोजन कर रहे हैं। भिवानी हमारा 17वां जिला है जहां यह बैठक आयोजित हुई है। इसमें जिला व मंडल पदाधिकारियों के साथ-साथ पार्टी में सक्रिय रूप से कार्य करने के इच्छुक युवाओं को भी जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा मुख्य रूप से तीन प्रमुख स्तंभों पर काम कर रहा है। जिसके तहत पार्टी की नीतियों और संगठन की गतिविधियों को धरातल पर उतारना, युवाओं को प्रशिक्षित कर चुनावी प्रक्रिया का प्रभावी हिस्सा बनाना व समाज में सकारात्मक बदलाव हेतु रक्तदान शिविर, खेलकूद, नशा मुक्ति अभियान और पौधारोपण जैसे सामाजिक कार्यक्रम चलाना है। 

अक्षित दहिया भाजयुमो

प्रतियोगी परीक्षाओं और हालिया मुद्दों पर पत्रकारों के सवालों का बेबाकी से जवाब देते हुए अक्षित दहिया ने कहा कि मौजूदा सरकार निष्पक्षता और बिना पर्ची, बिना खर्ची के सिद्धांत पर काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल जॉब सीकर बनाने के बजाय जॉब क्रिएटर (उद्यमी) बनाना है। पेपर लीक और छात्र आंदोलनों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि गड़बड़ी सामने आते ही सरकार ने कड़ा संज्ञान लेते हुए परीक्षा निरस्त की, जांच सीबीआई को सौंपी और एक महीने के भीतर पारदर्शी तरीके से दोबारा परीक्षा कराकर परिणाम जारी किए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं छात्र राजनीति से निकले है और युवाओं के संघर्ष को समझते है। विद्यार्थियों का अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराना उनका अधिकार है, लेकिन कई बार वामपंथी संगठन और विदेशी फंडिंग से चलने वाले कुछ एनजीओ छात्रों के आंदोलनों का राजनीतिकरण कर उन्हें गलत दिशा देने की कोशिश करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार ने पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाए हैं और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए नो टॉलरेंस नीति अपनाई है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला परिषद पार्षद राहुल मुंढाल ने प्रदेशाध्यक्ष का स्वागत करते हुए पार्टी नेतृत्व के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा अक्षित दहिया जैसे ऊर्जावान, अनुभवी और जमीनी स्तर के युवा नेता को भाजयुमो की कमान सौंपना यह सिद्ध करता है कि भारतीय जनता पार्टी में निष्ठा और कठोर परिश्रम को सदैव सम्मान दिया जाता है। इस बैठक से कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा है और जिले में संगठन की नींव और मजबूत होगी। बैठक के समापन पर जिले के सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर प्रत्येक बूथ स्तर तक भाजयुमो की मजबूत, सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी इकाई का गठन करें, ताकि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाया जा सके। इस अवसर युवा मोर्चा महामंत्री धीरज बापोड़ा, महामंत्री मोक्ष कक्कड़, जिला सचिव बंटी तंवर, दीपक सोलंकी, विष्णु मेघवाल सहित अन्य युवा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।