सिरसा में लापता 4 युवकों की डेडबॉडी मिली
सिरसा के डबवाली के चार लापता युवकों का मामला सुलझ गया है। शुक्रवार सुबह कालातीतर और कालुआना पुल के बीच राजस्थान को जाने वाली राज कनाल में उनकी बोलेरो गाड़ी मिली थी। चारों के शव बरामद कर लिए है और चारों की पहचान कर ली है।
पुलिस ने चारों शवों को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में पहुंचाया।
शुक्रवार सुबह 9 बजे पुलिस ने गोताखोर और ग्रामीणों के साथ मिलकर अभियान शुरू किया था। करीब 10.15 बजे गाड़ी का सुराग लगा और इसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया। हाइड्रा मशीन की सहायता से जब गाड़ी को नहर से बाहर निकाला गया तो उस समय गाड़ी को जरा हिलाते ही एक डेडबॉडी पानी के ऊपर आ गई, जिसकी पहचान डबवाली के गांव कालुआना के विनोद उर्फ बिंदर पुत्र देवीलाल के रूप में हुई।
पुलिस और गोताखोरों ने राज कनाल से बोलेरो को बाहर निकाला तो उसमें बाकी तीनों के शव बरामद हुए। रविंद्र का शव गाड़ी के ड्राइवर साइड में और पीछे वाली सीटों पर बलबीर व रायसिंह का शव मिला। पुलिस अब हर एंगल से जांच रही है।

