विश्व मुक्केबाजी कप में स्वर्ण पदक जीत भिवानी पहुंची मुक्केबाज नुपुर श्योराण

 
विश्व मुक्केबाजी कप में स्वर्ण पदक जीत भिवानी पहुंची मुक्केबाज नुपुर श्योराण

भिवानी

मिनी क्यूबा के नाम से मशहूर भिवानी में सोमवार को उस समय खुशी की लहर दौड़ गई, जब देश की राजधानी दिल्ली के पास स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में आयोजित हुए विश्व मुक्केबाजी कप में स्वर्ण पदक जीतकर भिवानी पहुंची अंतरराष्ट्रीय महिला मुक्केबाज़ नुपुर श्योराण का भिवानी में भव्य स्वागत किया गया।

इस दौरान भिवानीवासियों ने मुक्केबाज बेटी नुपर का जोरदार स्वागत किया।
 भिवानी के कैप्टन हवा सिंह बॉक्सिंग अकादमी की मुक्केबाज़ नुपुर श्योराण ने अपने अगले बड़े लक्ष्य का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि उनका 2026 का लक्ष्य कॉमनवेल्थ खेलों और एशियन खेलों के लिए तैयारी करना और उनमें पदक जीतना है। नुपुर ने इस शानदार जीत का श्रेय अपनी माता मुकेश श्योराण और अपने पिता एवं कोच भीम अवार्डी संजय श्योराण को दिया। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता और कोच का समर्थन और मार्गदर्शन ही उनकी सफलता की कुंजी है। कैप्टन हवा सिंह बॉक्सिंग अकादमी के पदाधिकारियों ने नुपुर की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया।

नुपुर के पिता व भीम अवार्डी कोच संजय श्योराण ने बताया कि नुपुर ने अकेले 2025 में तीन वर्ल्ड मेडल जीते हैं, जिनमें दो स्वर्ण और एक सिल्वर मेडल शामिल है।

उन्होंने बताया कि नुपुर अभी तक 80 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में खेल रही थीं, लेकिन अब वह कॉमनवेल्थ और एशियन खेलों के लिए अपनी तैयारियों को नए सिरे से अंजाम देंगी। उन्होंने यह भी बताया कि नुपुर अपनी तीसरी पीढ़ी की बॉक्सर हैं और वर्तमान में वल्र्ड चैंपियन व रैंकिंग में नं. एक स्थान पर हैं। नुपुर ने अपनी शानदार उपलब्धियों से कैप्टन हवासिंह और भीम अवार्डी कोच संजय श्योराण का नाम रोशन किया है। नुपुर का यह प्रदर्शन न केवल भिवानी, बल्कि पूरे देश के लिए एक प्रेरणा है।