मुक्केबाज राहुल का यूथ एशियन गेम्स ट्रेनिंग कैंप के लिए चयन, गांव मिताथल में खुशी की लहर 

 
मुक्केबाज राहुल का यूथ एशियन गेम्स ट्रेनिंग कैंप के लिए चयन, गांव मिताथल में खुशी की लहर 

भिवानी :

गांव मिताथल खेल स्टेडियम में ट्रेनिंग कर रहे युवा मुक्केबाज राहुल का चयन 14 अगस्त से 30 अगस्त तक चीन में आयोजित होने वाले यूथ एशियन गेम्स ट्रेनिंग कैंप के लिए हुआ है।

राहुल के इस शानदार चयन से पूरे गांव मिताथल और खेल स्टेडियम में खुशी का माहौल है। कोच कप्तान बेनिवाल और कोच अजय के मार्गदर्शन में कड़ी मेहनत करने वाले राहुल ने अपनी प्रतिभा और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। गांव मिताथल के खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ाने के उद्देश्य से काम करने वाले किसान युवा क्लब ने भी राहुल के चयन पर गर्व महसूस किया है।

क्लब के संस्थापक राकेश बेनिवाल, सुधीर तंवर, अधिवक्ता बबीता यादव और विनीत पिलानिया समय-समय पर खिलाडिय़ों के लिए जरूरी कदम उठाते रहते हैं। क्लब के सदस्यों ने कहा कि राहुल जैसे खिलाड़ी ही गांव के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि राहुल अब चीन में होने वाले ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा लेंगे, जहां उन्हें देश के सर्वश्रेष्ठ युवा मुक्केबाजों के साथ अभ्यास करने का मौका मिलेगा।

यह अनुभव उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए और भी मजबूत बनाएगा। कोच कप्तान बेनिवाल और अजय ने बताया कि राहुल ने अपनी ट्रेनिंग में कभी कोई कमी नहीं छोड़ी। सुबह-शाम के कड़े अभ्यास और अनुशासन ने उन्हें इस स्तर पर पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि राहुल में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने की पूरी क्षमता है। राहुल के चयन पर खुशी जताने वालों में एएसआई सुधीर, सतीश, नस्सी सरपंच प्रतिनिधि, कृष्ण, बजरंग, जयवीर, सुरेश, डीएसपी दिनेश, सुनील बॉक्सर, सोमबीर डिप्टी सीटीआई और अन्य खेल प्रेमी शामिल हैं। सभी ने राहुल को उसके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।