भिवानी में बिजली सब स्टेशन की बढ़ेगी क्षमता 

 
भिवानी में बिजली सब स्टेशन की बढ़ेगी क्षमता 

भिवानी के गांव मंढाणा में बिजली निगम द्वारा 33केवी सब स्टेशन में पावर ट्रांसफॉर्मर लगाया जाएगा। विद्युत वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा 33 केवी सब स्टेशन गांव मंढाणा में अतिरिक्त 8 एमवीए क्षमता का ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया जाएगा।

सब स्टेशन क्षमता वृद्धि से ओवर लोडिंग व पीक अवर्स मे पावर कट की समस्या नहीं रहेगी। अधीक्षण निर्माण इंजीनियर विंग हिसार से सूचीबद्ध फर्म को वर्क ऑर्डर 2 अप्रैल को जारी किया गया है। इस कार्य की लागत 92 लाख रुपए आएगी। कार्य 2 महीने मे पूरा कर लिया जाएगा।

बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता विजेंद्र सिंह ने बताया कि इस सब स्टेशन से गांव धनाना, जताई, तिगड़ाना, मंढाणा और इन गांवों के खेतों को बिजली आपूर्ति की जाती है। यहां से कुल लगभग 12500 उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति होती है। इस सब स्टेशन से 11 केवी धनाना, मंढाणा, तिगड़ाना, आरडीएस फीडर और प्रेम नगर एपी फीडर से विद्युत आपूर्ति होती है।

अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए जाने से ट्रिपिंग और वोल्टेज में सुधार होगा। विभाग द्वारा यह कार्य प्राथमिकता पर लिया गया है। शीघ्र ही इसे पूर्ण कर उपभोक्ताओं को लाभान्वित किया जाएगा। इस सब स्टेशन की 33 केवी लाइन 132 केवी सब स्टेशन बड़सी के आती है। बीते अक्टूबर महीने मे डीसी भिवानी भी खुले दरबार मे ग्रामीणों की इस मांग पर बिजली विभाग को कार्य जल्द पूरा करने के लिए कह चुके हैं।