CBLU Youth Festival 2026: चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय के 8वें युवा महोत्सव 'उत्कर्ष-2026' का झोझू कलां में भव्य आगाज
चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय के 8वें युवा महोत्सव 'उत्कर्ष-2026' का महिला महाविद्यालय झोझू कलां में रंगारंग आगाज। 29 कॉलेजों के 1200 छात्र ले रहे भाग।
चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय के 8वें युवा महोत्सव 'उत्कर्ष-2026' का महिला महाविद्यालय झोझू कलां में रंगारंग आगाज
युवा महोत्सव संस्कृति और सृजन का संगम : दीप्ति धर्माणी
झोझू कलां (चरखी दादरी), 22 अक्टूबर 2026: चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी के युवा कल्याण निदेशालय एवं मेजबान महिला महाविद्यालय, झोझू कलां (चरखी दादरी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 8वां विश्वविद्यालय युवा महोत्सव उत्कर्ष-2026 का आज गुरुवार सुबह 10:30 बजे रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्य शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्रबंधन समिति ने की।
विश्वविद्यालय के युवा महोत्सव में बतौर विशिष्ट अतिथि के रूप में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सुरेश मलिक, राजकीय महाविद्यालय बवानी खेड़ा के प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार, महाविद्यालय के संरक्षक एडवोकेट सुरेंद्र पाल, प्राचार्य एवं मुख्य संयोजक डॉ. राज पाल, सह-संयोजक डॉ. मंजू, युवा कल्याण निदेशालय से डीवाईडब्ल्यू डॉ. सोनल शेखावत तथा आयोजन सचिव डॉ. पूनम उपस्थित रहीं।

विश्वविद्यालय के 8वें युवा महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने सम्बोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के युवा महोत्सव का आयोजन इस ग्रामीण आँचल में करवाने का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच प्रदान कर उन्हें उभरने के पूर्ण अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हमारी लोक संस्कृति, सृजन और संस्कारों का संगम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के महोत्सव विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। हर विद्यार्थी में कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है, उत्कर्ष जैसा मंच उसे निखारने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि मंच पर पहुंचना ही अपने आपमें एक बड़ी उपलब्धि है। युवा का बलिष्ठ, दृढ़स्थ, शिक्षित एवं संस्कारित होना जरूरी है तभी विकसित भारत की संकल्पना को साकार किया जा सकता है। उन्होंने कॉलेज प्रशासन और झोझू कलां शिक्षा एवं जनकल्याण समिति सहित निर्णायक मंडल की सराहना करते हुए निष्पक्ष और सही निर्णय की उम्मीद जताई। उन्होंने युवाओं को हार से विचलित एवं निराश नहीं होने तथा दुगने उत्साह के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
डीन छात्र कल्याण प्रो. सुरेश मलिक ने कहा कि विश्वविद्यालय का युवा महोत्सव प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना रहा है। 29 महाविद्यालयों और लगभग 1200 विद्यार्थियों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि विद्यार्थियों में सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति कितना उत्साह है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे आयोजनों से युवा अपनी जड़ों से जुड़ते हैं।
प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा कि झोझू कलां जैसे ग्रामीण क्षेत्र में इस स्तर के महोत्सव का आयोजन सराहनीय है। यह बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

संरक्षक एडवोकेट सुरेंद्र पाल ने कहा कि महाविद्यालय प्रबंधन समिति सदैव शिक्षा एवं संस्कृति के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को बढ़ावा दिया जाएगा। युवा कल्याण विभाग की निदेशक डॉ सोनल शेखावत ने विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित तीन दिवसीय युवा महोत्सव की विस्तृत जानकारी दी।
प्राचार्य एवं मुख्य संयोजक डॉ. राज पाल ने सभी अतिथियों, निर्णायक मंडल एवं 29 महाविद्यालयों से आए लगभग 1200 प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि तीन दिवसीय इस महोत्सव के लिए चार मंच बनाए गए हैं, जहां संगीत, नृत्य, रंगमंच, साहित्यिक एवं ललित कला की 44 विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी। अनुशासन के लिए आई-कार्ड अनिवार्य किया गया है। युवा महोत्सव में पूर्ण अनुशासन के साथ विद्यार्थी कलाकार अपनी अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से रंगारंग मनमोहक छटा बिखेर रहे हैं।

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के
शुभारंभ सत्र में मेजबान महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, हरियाणवी समूह लोक नृत्य फाग, लोक नृत्य, शास्त्रीय समूह गायन एवं देशभक्ति पर आधारित समूह नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया और पूरे पंडाल को तालियों से गूंजा दिया।
युवा महोत्सव का मंच संचालन आयोजन सचिव डॉ. पूनम ने किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ संजय गोयल, डॉ अदम्यवीर, डॉ त्रिलोक चंद,डॉ मंजीत,डॉ अनिल कुमार,डॉ दलजीत सिंह, डॉ बलबीर सिंह, डॉ सत्यवान माजरा,समिति के उपाध्यक्ष गदर सिंह, सचिव सुशील कुमार,कोषाध्यक्ष कैप्टन मांगेराम,सूबेदार,रमेश वशिष्ठ,डॉ विजय,कन्नी प्रधान सूरजभान,हरिकिशन, राज सरपंच चनैनी,सुरेश पहलवान,जोरावर पूर्व सरपंच सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं प्रतिभागी विद्यार्थी उपस्थित रहे।