चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय एवं फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर
 

चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय और FII के बीच कौशल विकास व रोजगार के लिए समझौता। विद्यार्थियों को मिलेगी इंटर्नशिप और प्लेसमेंट। जानें कैसे बनेगा 'इंडस्ट्री-रेडी' युवा।

 
कम्युनिटी कनेक्ट कॉलेज भिवानी

भिवानी, 25 मई। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय, भिवानी और फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज के बीच विद्यार्थियों के कौशल विकास और रोजगार सृजन को लेकर एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। 

विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा तथा फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज की ओर से अध्यक्ष डॉ. दीपक कुमार जैन ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा के साथ-साथ उद्योगों की मांग के अनुरूप कुशल बनाकर ही विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह समझौता विद्यार्थियों को इंडस्ट्री-रेडी बनाने, इंटर्नशिप, प्रशिक्षण और प्लेसमेंट के नए अवसर प्रदान करेगा।
एमओयू के तहत दोनों संस्थान संयुक्त रूप से कौशल विकास कार्यक्रम, उद्योग आधारित पाठ्यक्रम, कार्यशालाएं और उद्यमिता प्रशिक्षण आयोजित करेंगे। इससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव मिलेगा और स्थानीय उद्योगों को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा।
इस समझौते से क्षेत्र में शिक्षा-उद्योग सहभागिता को बढ़ावा मिलेगा और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।
फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष डॉ दीपक कुमार जैन ने कहा कि यह समझौता ज्ञापन (एम ओ यू) उद्योग-अकादमिक एकीकरण, कौशल विकास और रोजगार क्षमता संवर्धन, अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता प्रोत्साहन, क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण और वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने वाली पहलों के लिए दोनों पक्षों के बीच सहयोग का ढांचा निर्धारित करता है। उन्होंने बताया कि इस समझौता ज्ञापन के तहत दोनों पक्ष 
उद्योग-अनुकूल पाठ्यक्रम का विकास,कौशल विकास, प्रशिक्षण कार्यक्रम और कार्यशालाएं,इंटर्नशिप और प्लेसमेंट की सुविधा (योग्यता और उपलब्धता के आधार पर)
उत्कृष्टता केंद्रों (सीओई) की स्थापना (सेपा समझौतों के अधीन),स्टार्टअप इनक्यूबेशन और उद्यमिता सहायता,भाषा और अंतर्राष्ट्रीय कार्यबल तत्परता कार्यक्रम, संयुक्त अनुसंधान, प्रकाशन और नवाचार पहल, लिखित अनुबंध के माध्यम से पारस्परिक रूप से सहमत कोई अन्य गतिविधि क्षेत्रों में सहयोग करने पर सहमत हैं। उन्होंने आगे बताया कि इस कॉलेज के अंतर्गत 12वीं उत्तीर्ण छात्रों के लिए आतिथ्य, प्लंबिंग, इलेक्ट्रीशियन और ड्राइविंग जैसे कौशल विकास पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए कम्युनिटी कनेक्ट कॉलेज शुरू करने पर भी चर्चा की गई है । इस अवसर पर डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. दिनेश मदान,डीन एफसीएम प्रो. सुनीता भरतवाल, श्री मुकुल जैन,डॉ जितेंद्र भारद्वाज, डॉ कृतिका, डॉ प्रीति, डॉ सुप्रिया ढुल,ऋषि शर्मा कोऑर्डिनेटर जनसंपर्क एवं मीडिया सेल, प्रोग्रामर राकेश यादव उपस्थित थे।