चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के योग महोत्सव ने गांव-गांव पहुंचाया स्वास्थ्य का संदेश
 

चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय, भिवानी द्वारा 7 दिवसीय 'योग महोत्सव' का आयोजन। विद्यार्थियों ने 40 स्थानों पर योग शिविर लगाकर हज़ारों लोगों को किया जागरूक।

 
भिवानी योग कार्यक्रम

भिवानी, 20 जून।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू), भिवानी द्वारा आयोजित सात दिवसीय "योग महोत्सव" के तहत विश्वविद्यालय के एम.एससी. योग एवं बी.एससी. योग के विद्यार्थियों ने भिवानी, चरखी दादरी, हिसार तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 40 स्थानों पर योग शिविरों का संचालन कर हजारों लोगों को योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया।

योग महोत्सव के दौरान भिवानी शहर के हुडा पार्क, नेहरू पार्क, बंसीलाल पार्क, एमसी कॉलोनी, देवीलाल सदन, अनाज मंडी पार्क तथा अन्य प्रमुख स्थलों के साथ-साथ चरखी दादरी, हिसार और क्षेत्र के प्रमुख गांवों—बलियाली, धानाना, कैरू, बापोड़ा, सुई, खरक कलां, बड़ेसरा, जमालपुर, पहलादगढ़, पेंतावास कलां, लेघा, धारेङू, सिसवाला तथा रेवाड़ी खेड़ा आदि में नियमित योग सत्र आयोजित किए गए।

योग शिविरों का आयोजन डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. सुरेश कुमार मलिक तथा योग विभाग के अध्यक्ष डॉ. लक्खा सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।

योग महोत्सव से पूर्व 11 से 14 जून तक विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। डॉ. सुनील भारद्वाज के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल, योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक विधियों का प्रशिक्षण दिया गया, जिसके आधार पर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में योग शिविरों का संचालन किया।

विश्वविद्यालय द्वारा किए गए निरीक्षण में पाया गया कि सभी शिविरों में महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं बच्चों सहित लगभग 1800 से 2000 लोगों ने नियमित रूप से योगाभ्यास में भाग लिया। स्थानीय नागरिकों ने शिविरों के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की मांग की।
इसके अतिरिक्त योग विभाग के विद्यार्थियों द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में प्रतिदिन सायंकाल योग कक्षाओं का भी नियमित आयोजन किया जा रहा है, जिनमें विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं एवं बच्चे भी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। इन कक्षाओं के माध्यम से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया जा रहा है।

कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि समग्र स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज से जोड़ते हुए योग के वैज्ञानिक लाभों को जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि 15 जून से प्रारंभ हुआ यह योग महोत्सव 21 जून, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले विशेष योग कार्यक्रम के साथ संपन्न होगा। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा, विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी तथा गणमान्य नागरिक भी सहभागिता करेंगे।

उल्लेखनीय है कि चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय द्वारा प्रतिवर्ष योग महोत्सव का आयोजन किया जाता है, जिसके माध्यम से विद्यार्थी गांव-गांव जाकर लोगों को योग के प्रति जागरूक करते हैं। इस वर्ष का योग महोत्सव स्वास्थ्य संवर्धन, जन-जागरूकता और सामाजिक सहभागिता की दृष्टि से अत्यंत सफल एवं प्रभावशाली रहा।