CBLU Student Achievement: सीबीएलयू भिवानी के छात्रों का जलवा, जिला युवा महोत्सव में नुक्कड़ नाटक में हासिल किया प्रथम स्थान

भिवानी में 'माय भारत' द्वारा आयोजित जिला युवा महोत्सव में चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (CBLU) के छात्रों ने नशा मुक्ति पर नुक्कड़ नाटक में पहला स्थान जीता।

 
हलवासिया विद्या विहार भिवानी

सीबीएलयू के समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग के छात्रों ने जिला युवा महोत्सव में नुक्कड़ नाटक में मारी बाजी
  
नशा मुक्ति थीम पर शानदार प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया

भिवानी, 6 अगस्त।चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग के छात्रों ने आज माय भारत द्वारा स्थानीय हलवासिया विद्या विहार स्कूल में आयोजित `जिला युवा महोत्सव में नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

जिला स्तरीय युवा महोत्सव की इस वर्ष की थीम नशा मुक्ति` थी। विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार तेवतिया के मार्गदर्शन में छात्रों ने नशा मुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से छात्रों ने नशे के कारणों, मनोसामाजिक प्रभावों और बचाव हेतु आवश्यक हस्तक्षेप पर प्रभावी संदेश दिया।

छात्रों ने अपने अभिनय से दिखाया कि नशा न केवल व्यक्ति को आर्थिक और मानसिक रूप से प्रभावित करता है, बल्कि इसका नकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर भी पड़ता है। उनकी सशक्त प्रस्तुति को निर्णायक मंडल और दर्शकों द्वारा खूब सराहा गया।

नुक्कड़ नाटक के निर्देशन में विभाग संयोजक जितेंद्र कुमार, डॉ. मधुसूदन, डॉ. मूल राज और प्रियंका वैद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 

विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार तेवतिया ने छात्रों को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के छात्र सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता फैलाने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। नशा मुक्ति जैसे संवेदनशील विषय पर उनकी प्रस्तुति प्रेरणादायक है।

नुक्कड़ नाटक टीम के सदस्यों में अजय कुमार, नैंसी, अंतिम, पूजा, गुरदास, राहुल, युवराज, सुमित और गुरदीप आदि ने अभिनय किया। कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले सभी छात्र मास्टर ऑफ सोशल वर्क अंतिम वर्ष के हैं।