गैर शिक्षक विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ ने सीबीएलयू कुलगुरू प्रो. दीप्ति धर्माणी का किया अभिनंदन
भिवानी, 03 जुलाई : गैर शिक्षक विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ हरियाणा की चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय इकाई ने कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कुलपति को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की। इस अवसर पर गैर शिक्षक विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के प्रांत महामंत्री प्रदीप कुमार ने कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी की कार्यप्रणाली और उनके दूरदर्शी नेतृत्व की खुलकर सराहना की। इस मौके पर प्रांत महामंत्री प्रदीप कुमार ने कहा कि प्रो. दीप्ति धर्माणी का कार्यकाल चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय की तरह है। उनकी अनुशासित, पारदर्शी और विकासोन्मुखी कार्यप्रणाली के कारण आज विश्वविद्यालय न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में, बल्कि प्रशासनिक और ढांचागत सुधारों में भी नए आयाम स्थापित कर रहा है। उनका नेतृत्व हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। प्रदीप कुमार ने आगे कहा कि कुलगुरू हमेशा कर्मचारियों के हितों और उनकी समस्याओं के प्रति बेहद संवेदनशील और गंभीर रहती हैं। संवाद की उनकी अनूठी शैली और सबको साथ लेकर चलने की नीति के कारण ही आज विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक स्टाफ के बीच एक बेहद सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण माहौल बना हुआ है। इस दौरान गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ के अन्य पदाधिकारियों ने भी कुलगुरू के मिलनसार स्वभाव और कार्य के प्रति उनकी निष्ठा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रो. दीप्ति धर्माणी के कुशल मार्गदर्शन में सीबीएलयू निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। प्रांत महामंत्री प्रदीप कुमार सहित पूरे संघ ने कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी को बधाई देते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें सदैव ऊर्जावान, स्वस्थ और दीर्घायु रखे, ताकि उनका मार्गदर्शन विश्वविद्यालय और प्रदेश के युवाओं को इसी तरह निरंतर मिलता रहे।

