Bhiwani University Update: नागालैंड वाद्य वृन्द और डिवाइन कनेक्शन रॉक बैंड की प्रस्तुति कल, आज सांग ने जीता दिल

चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय भिवानी में 7 दिवसीय विरासत कला उत्सव के तीसरे दिन जसबीर सिंह के सांग ने धमाल मचाया। छात्राओं ने सांग के जरिए नशा मुक्ति और जल संरक्षण का संदेश दिया।
 
Haryana Folk Culture Saang

चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी में विरासत कला उत्सव के तीसरे दिन हरियाणवी संस्कृति की धूम, जसबीर सिंह के सांग ने मचाया धमाल

भिवानी, 28 अक्टूबर 2026: चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी एवं उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, प्रयागराज (संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार) के संयुक्त तत्वावधान में कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी के दिशा निर्देशन में आयोजित 7 दिवसीय ‘विरासत कला उत्सव’ के तीसरे दिन आज हरियाणवी लोक संस्कृति के प्रतीक सांग की शानदार प्रस्तुति हुई।

जींद से पधारे हरियाणा के प्रसिद्ध सांग कलाकार श्री जसबीर सिंह एवं दल ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और जमकर हरियाणवी संस्कृति का धमाल मचाया। कलाकारों ने पारम्परिक वेशभूषा, रागनी और किस्सों के माध्यम से हरियाणवी संस्कृति, वीरता और नैतिक मूल्यों की जीवंत झलक पेश की। उनकी चुटीली रागनियों और दमदार संवादों पर छात्र-छात्राओं ने खूब तालियां बजाईं और पूरे सभागार में हरियाणवी बोली की गूंज रही।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा उपस्थित रहीं।

कुलसचिव प्रो भावना शर्मा ने कहा कि सांग केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि हमारी लोक शिक्षा की पाठशाला है। यह हमारी विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सांग की प्रस्तुति देने वाली बेटियों की प्रस्तुति की भूरि भूरि प्रशंसा की।  गौरतलब होगा कि बेटियों ने सांग के माध्यम से बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओं,नशा मुक्त भारत, पर्यावरण संरक्षण,जल संरक्षण,शिक्षा एवं संस्कार आदि योजनाओं का संदेश दिया।

चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय

अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. सुरेश मलिक ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का  स्वागत एवं अभिनंदन  किया । उन्होंने कहा कि विद्यार्थी सांस्कृतिक गतिविधियों में रुचि लें क्योंकि शिक्षा के साथ साथ सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं।

कार्यक्रम के अंत में कलाकारों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विरासत कला उत्सव में कलाकार सतीश शर्मा,मोनिका,शमीना,सोनू भगाना,राजेश,सुमित आदि ने अपनी प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में हरियाणा  कला परिषद से स्टेट कॉर्डिनेटर रविंद्र श्योराण, एनसीजेडसीसी प्रयागराज से कॉर्डिनेटर मंथन, मुकेश शर्मा बापोड़ा, संदीप राठी,रामफल लम्बरदार,सियाराम शर्मा,जगदीश, ओमप्रकाश अधीक्षक, रघुबीर,धर्मसिंह जांगड़ा सहित विश्वविद्यालय के कई  प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि विरासत कला उत्सव 01 नवम्बर तक चलेगा। कल 29 अक्टूबर को नागालैंड वाद्य वृन्द,डिवाइन कनेक्शन रॉक बैंड की प्रस्तुति श्री ओबेद काठ द्वारा दी जाएगी।