CBLU Bhiwani Entrepreneurship Workshop: फ्रॉम आइडियाज टू इम्पैक्ट: सीबीएलयू में युवाओं को नवाचार और स्टार्ट-अप के लिए किया प्रेरित
सीबीएलयू में विश्व उद्यमिता दिवस पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन
भिवानी, 21 अगस्त 2026। चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी में विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर "फ्रॉम आइडियाज टू इम्पैक्ट: युवा मस्तिष्क को उद्यमिता, नवाचार और स्टार्ट-अप सफलता के लिए सशक्त बनाना" विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमशीलता, नवाचार, रचनात्मकता एवं स्टार्ट-अप संस्कृति को बढ़ावा देना था।
विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ उद्यमिता एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विश्वविद्यालय में विभिन्न कौशल संवर्धन पाठ्यक्रमों, कौशल संवर्धन केंद्र एवं इन्क्यूबेशन सेंटर के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उद्यमिता एक ऐसी सोच है, जो समस्याओं को अवसरों में बदलने और विचारों को सामाजिक एवं आर्थिक प्रभाव में बदलने का साहस देती है। कार्यक्रम का आयोजन अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले एवं निदेशक, रोजगार संवर्धन केंद्र प्रो. सुनीता भरतवाल के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा ने आभार व्यक्त किया।

कार्यशाला का की विस्तृत जानकारी देते हुए समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार तेवतिया ने कहा कि तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल अर्थव्यवस्था ने युवाओं के लिए रोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसर पैदा किए हैं। विद्यार्थियों को केवल रोजगार प्राप्त करने के लिए नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने एवं सामाजिक समस्याओं के नवीन समाधान खोजने के लिए तैयार करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि उद्यमिता पखवाड़े के अंतर्गत 24 अगस्त से 02 सितंबर तक पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग, बिजनेस आइडिया एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा गुरुग्राम विश्वविद्यालय में जेन-जी उद्यमियों के साथ किए गए संवाद कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपने विचारों को सफल उद्यमों में बदलकर रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी बनने का आह्वान किया। उन्होंने मार्गदर्शन, वित्तीय एवं तकनीकी सहायता, कौशल विकास तथा उद्योगों से जुड़ने के अवसरों की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि श्री एस. के. शर्मा, उपाध्यक्ष, शिव शक्ति इंटर ग्लोबल एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड, करनाल ने विद्यार्थियों को अपने विचारों पर विश्वास कर उन्हें कार्यरूप देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. मीरा, डॉ. प्रीति, डॉ. कृतिका, डॉ. सोनल, डॉ. अगिन, डॉ. मूलराज, श्री जितेंद्र कुमार सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

