सीबीएलयू की छात्रा दीक्षा मलिक का भारतीय महिला हैंडबॉल टीम में चयन
भिवानी :
स्थानीय चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय के लिए यह एक गौरव का क्षण है, क्योंकि विश्वविद्यालय की हैंडबॉल खिलाड़ी दीक्षा मलिक का चयन भारतीय महिला हैंडबॉल टीम में हुआ है।
दीक्षा जूनियर एशियन वुमन चैंपियनशिप के लिए कजाकिस्तान जाएंगी, जो 20 अगस्त से 29 अगस्त तक आयोजित होगी। विश्वविद्यालय के हैंडबॉल कोच मंजीत ढांडा ने बताया कि दीक्षा मलिक की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए एक बड़ी जीत है। उन्होंने बताया कि दीक्षा ने अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय हैंडबॉल चैंपियनशिप में विश्वविद्यालय को पहला स्थान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
कोच मनजीत ढांडा के अनुसार इस प्रतियोगिता की तैयारी के लिए दीक्षा ने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के गांधीनगर, गुजरात स्थित केंद्र में आयोजित एक महीने के विशेष प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया था। यह शिविर हैंडबॉल एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया द्वारा आयोजित किया गया था।
दीक्षा की इस शानदार उपलब्धि पर पूरे विश्वविद्यालय और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्मानी, कुलसचिव डा. भावना शर्मा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर और डायरेक्टर स्पोर्ट्स प्रोफेसर सुरेश कुमार मलिक सहित हरियाणा राज्य हैंडबॉल संगठन के महासचिव संदीप कोटिया ने भी दीक्षा को बधाई दी।
इसके अलावा चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स काउंसिल के अध्यक्ष प्रो. मितेश शर्मा, प्रो. वजीर गोयत, डा. लक्खा सिंह, डा. कपिल शर्मा, डा. अनुराग सचान, डा. मनजीत दलाल, डा. सुनील भारद्वाज, कुश्ती कोच अजमेर सिंह और बॉक्सिंग कोच विकास पाराशर ने भी खिलाड़ी को उसकी मेहनत और लगन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। हरियाणा स्टेट हैंडबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रामअवतार शर्मा और संयुक्त सचिव परमवीर सिवाच ने भी दीक्षा और चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय प्रबंधन को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

