CBLU Utkarsh Festival Update: कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी ने विजेताओं को किया सम्मानित, राजीव गांधी कॉलेज रहा रनर अप
चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय के 8वें युवा महोत्सव 'उत्कर्ष-2026' का झोझू कलां में समापन हुआ। वैश्य कॉलेज भिवानी ने ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की।
चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय द्वारा महिला महाविद्यालय झोझू कलां में आयोजित युवा महोत्सव 'उत्कर्ष' का हुआ समापन
तीन दिन 29 महाविद्यालयों के 1200 विद्यार्थियों ने दिखाया अपनी प्रतिभा का दम, सांस्कृतिक मनमोहक प्रस्तुतियों ने छोड़ी अमिट छाप
ओवर ऑल ट्रॉफी वैश्य कॉलेज भिवानी ने जीती
रनर अप ट्रॉफी राजीव गांधी महिला महाविद्यालय भिवानी ने जीती
वीसी ट्रॉफी बी एल जे एस तोशाम ने जीती
झोझू कलां (चरखी दादरी), 25 अक्टूबर 2026 : चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी द्वारा महिला महाविद्यालय, झोझू कलां (चरखी दादरी) में आयोजित तीन दिवसीय 8वां विश्वविद्यालय युवा महोत्सव 'उत्कर्ष-2026' आज शनिवार को रंगारंग प्रस्तुतियों और पुरस्कार वितरण के साथ हर्षोल्लासपूर्वक सम्पन्न हो गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने शिरकत की।
मुख्य अतिथि प्रो. दीप्ति धर्माणी ने विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और कहा कि युवा महोत्सव युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा देने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि यहां से चयनित कलाकार अंतर-विश्वविद्यालय स्तर पर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि जीत का जश्न मनाएं लेकिन इसका श्रेय टीम और दूसरों को दें।आज की सफलता नॉर्थ जोन की अगली चुनौती होगी। आप सभी विश्वविद्यालय का नाम रोशन करते हुए अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचें। उन्होंने सभी को सफल आयोजन की बधाई दी।

युवा महोत्सव उत्कर्ष के प्रातःकालीन सत्र में एसडीएम लोहारु श्री मनोज दलाल ने बतौर मुख्य अतिथि ,सुप्रसिद्ध समाजसेवी सोमबीर घसोला,सुप्रसिद्ध समाजसेवी श्री अनिल कालूवाला ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। समाज सेवी सोमबीर घसोला ने महाविद्यालय में बेटियों के आने जाने की सुविधा के लिए दो बसें भेंट की। महाविद्यालय को एक बस महादेव जाखड़ बलाली ने देने की घोषणा की। समाजसेवी श्री सोमबीर घासोला एवं श्री अनिल कालूवाला ने संयुक्त रूप से महाविद्यालय को आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही महाविद्यालय के लिए आर्थिक सहायता के एक विशेष पैकेज की घोषणा करेंगे। साथ ही, उन्होंने यह विश्वास भी दिलाया कि भविष्य में महाविद्यालय को किसी भी प्रकार की सहायता अथवा संसाधनों की आवश्यकता होने पर वे उसे पूरा करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम में एसडीएम श्री मनोज दलाल ने कहा कि हमें हमारी बेटियों पर पूर्णतया गर्व है। युवा महोत्सव इन विद्यार्थियों के लिए उनकी प्रतिभा के प्रदर्शन का एक बेहतर मंच है जो उनको सफलता की ओर ले जाने में सहायक होगा। उन्होंने बेटियों की बेहतर शिक्षा एवं सुरक्षा के लिए महाविद्यालय प्रशासन एवं प्रबंधन समिति एवं आयोजन कमेटी की सराहना की।

डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ सुरेश मलिक ने विश्वविद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रमुख उद्येश्य शिक्षा के साथ साथ सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास कराना है।
तीन दिनों तक चले इस महायज्ञ में 29 महाविद्यालयों के लगभग 1200 विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य, रंगमंच, साहित्यिक एवं ललित कला की 44 विधाओं में अपनी प्रतिभा का दम दिखाया और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अमिट छाप छोड़ी।
तीन दिन तक बिखरी हरियाणवी संस्कृति:
महोत्सव में पहले दिन से लेकर अंतिम दिन तक हरियाणवी लोक गीत,लोक नृत्य, रागनी, शास्त्रीय नृत्य, समूह गायन, नाटक, माइम, कव्वाली, वाद-विवाद और रंगोली-पोस्टर जैसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने ऐसा समा बांधा कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।

निर्णायक मंडल में प्रो. इंद्रा बाली,डॉ नम्रता, डॉ करुणा, डॉ जनार्दन शर्मा,प्रो रमाकांता आदि रहे।
डॉ नम्रता ने कुलगुरु को अपनी पुस्तक भेंट की।
ये रहे विजेता
ओवर ऑल ट्रॉफी वैश्य कॉलेज भिवानी ने जीती। रनर अप ट्रॉफी राजीव गांधी महिला महाविद्यालय भिवानी ने जीती।
वीसी ट्रॉफी बी एल जे एस तोशाम ने जीती। महिला महाविद्यालय, झोझू कलां की छात्राओं ने विभिन्न नौ विधाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 13(तेरह) प्राइज हासिल कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। इनमें संस्कृत वन-एक्ट प्ले में प्रथम स्थान प्राप्त करना विशेष उपलब्धि रही। इसके साथ ही, इसी प्रस्तुति से महाविद्यालय की छात्रा को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का खिताब भी मिला। यह उपलब्धि छात्राओं की प्रतिभा, मेहनत और सांस्कृतिक उत्कृष्टता का प्रमाण है।

विजेता टीमों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने ट्रॉफी एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
प्राचार्य एवं मुख्य संयोजक डॉ. राज पाल ने बताया कि महोत्सव को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया था।
इस अवसर पर झोझू कलां शिक्षा एवं जन कल्याण समिति के प्रधान एडवोकेट सुरेंद्र पाल एवं समस्त समिति कार्यकारिणी, युवा कल्याण निदेशालय से डॉ. सोनल शेखावत, आयोजन सचिव डॉ. पूनम, संयोजिका डॉ. मंजू एवं डॉ मुन्नी चौधरी , 29 महाविद्यालयों के प्राचार्यों,टीम मैनेजरों सहित सैंकड़ों प्रतिभागी विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अंत में राष्ट्रगान के साथ 8वें युवा महोत्सव 'उत्कर्ष' का विधिवत समापन किया गया।