अभय चौटाला की याचिका पर केंद्र-हरियाणा, चंडीगढ़ को नोटिस

 
अभय चौटाला की याचिका पर केंद्र-हरियाणा, चंडीगढ़ को नोटिस

इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व विधायक अभय सिंह चौटाला ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट याचिका दायर की है। याचिका में उन्होंने दावा किया है कि 15 जून 2023 से 15 जुलाई 2025 तक उन्हें अज्ञात व्यक्तियों, विदेशी नंबरों और इंटरनेशनल गैंगस्टरों से कई बार धमकियां दी गईं और कॉल करने वालों ने इसे “आखिरी चेतावनी” बताया।

चौटाला ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद राज्य सरकार पर्याप्त सुरक्षा नहीं दे सकी। उन्होंने हाईकोर्ट से 24 घंटे केंद्रीय एजेंसी द्वारा Z+ या Z श्रेणी की सुरक्षा, धमकियों की जांच केंद्र स्तर पर कराने और सुरक्षा व्यवस्था केंद्र की निगरानी में देने की मांग की है। फिलहाल उन्हें Y+ सुरक्षा मिली हुई है।

उधर, मंगलवार को इस याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने मामले में केंद्र सरकार, चंडीगढ़ और हरियाणा सरकार को नोटिस जारी किया है। 14 दिन में जवाब दाखिल करने का वक्त दिया गया है। अगली सुनवाई 16 दिसंबर तय की गई है।

बता दें 15 जुलाई को विदेशी मोबाइल नंबर से अभय चौटाला के बड़े बेटे कर्ण चौटाला को धमकी मिली थी। इसमें अभय चौटाला को सीमा में रहने की धमकी दी थी। मामले में चंडीगढ़ पुलिस अभी तक काई कार्रवाई नहीं कर पाई है।