Sunil Sangwan Statement: गोलागढ़ में पूर्व सीएम बंसीलाल की समाधि पर पहुंचे विधायक सुनील सांगवान, लिया विकास का संकल्प

दादरी विधायक सुनील सांगवान ने पूर्व सीएम बंसीलाल को गोलागढ़ में श्रद्धांजलि दी और दादरी के रुके काम पूरे करने का संकल्प लिया।
 
चरखी दादरी ताजा समाचार

चौ. बंसीलाल की विकासवादी सोच को आगे बढ़ाते हुए दादरी के रुके काम पूरे करेंगे : सुनील सांगवान

गोलागढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की समाधि पर दी श्रद्धांजलि, पिता सतपाल सांगवान की विकास विरासत को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
 

भिवानी/चरखी दादरी : चरखी दादरी के विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि आधुनिक हरियाणा के निर्माता स्वर्गीय चौधरी बंसीलाल की विकासवादी सोच को आगे बढ़ाते हुए दादरी विधानसभा क्षेत्र के सभी रुके हुए विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनके पिता एवं पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान ने चौ. बंसीलाल के मार्गदर्शन में क्षेत्र के विकास की नई इबारत लिखी थी और वे उसी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पबद्ध हैं।


बुधवार को विधायक सुनील सांगवान गांव गोलागढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी बंसीलाल की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चौ. बंसीलाल का दूरदर्शी नेतृत्व, विकासपरक नीतियां और जनसेवा के प्रति समर्पण आज भी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इसके बाद विधायक ने अपने चरखी दादरी स्थित निवास पर भी अपनी माता सदाकौर सांगवान के साथ पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने कहा कि दादरी हलके को मजबूत आधारभूत ढांचे, बेहतर सड़क नेटवर्क, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी सुविधाओं के क्षेत्र में अग्रणी बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरते हुए विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।


इस अवसर पर प्रदेश ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष सुनील इंजीनियर, बलवान मास्टर, गोलागढ़ के चेयरमैन राममेहर, बाढड़ा के चेयरमैन संदीप, जिला पार्षद अनुवीर रामलवास, सत्यव्रत सांगवान, रविंद्र सिलगर, नवीन भैरवी, रविंदर यादव, रामोतार दादा, विजेंद्र झोझू, सुखविंदर गोलागढ़, मनोज गोलागढ़, कृष्ण गोलागढ़, कुलदीप गोलागढ़, प्रीतम गोलागढ़ तथा सोमबीर गोलागढ़ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने दादरी क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।