Dadri Property Dealer Attack: दादरी में 50 लाख की रंगदारी और प्लॉट मांगने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पुलिस रिमांड पर

बौंद कलां में प्रॉपर्टी डीलर सुनील से 50 लाख की फिरौती मांगने व जानलेवा हमला करने के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार। जानें पूरा मामला।
 
हरियाणा रंगदारी मामले

दादरी में 50 लाख रुपये की फिरौती व प्लॉट की मांग को लेकर हमला का मामला

चार आरोपी गिरफ्तार, तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत

मुख्य आरोपी हर्ष उर्फ हर्षित 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया

चरखी दादरी : थाना बौंद कलां क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर सुनील कुमार उर्फ रायफल पर जानलेवा हमला कर 50 लाख रुपये की फिरौती तथा प्लॉट की मांग करने के मामले में चरखी दादरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के दौरान वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में हर्ष उर्फ हर्षित निवासी बौंद कलां, योगेन्द्र उर्फ घूघू निवासी बौंद कलां, विवेक उर्फ बाबू निवासी बौंद खुर्द तथा अंकित उर्फ डाबला निवासी रावलधी शामिल हैं।


पुलिस प्रवक्ता से प्राप्त मामले की जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को सुनील उर्फ रायफल निवासी बौंद कलां के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर थाना बौंद कलां पुलिस मौके पर पहुंची। घायल सुनील को पहले सीएचसी बौंद कलां में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया था, जहां से चिकित्सकों ने उसे पीजीआईएमएस रोहतक रेफर किया। बाद में घायल को रोहतक के आस्कर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पीड़ित सुनील द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में उसने बताया कि 3 अगस्त को करीब 10-12 युवक उसके प्रॉपर्टी डीलिंग कार्यालय में आए थे और उससे 50 लाख रुपये की फिरौती अथवा उसके प्लॉट का आधा हिस्सा देने की मांग की थी। आरोपियों ने प्लॉट पर चल रहे निर्माण कार्य को बंद करने के लिए भी धमकाया था तथा पैसे अथवा प्लॉट नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। 6 अगस्त को आरोपी दोबारा उसके कार्यालय पहुंचे। हर्ष उर्फ हर्षित व मुकुल ने उसकी कनपटी पर हथियार लगाया तथा अन्य आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। लोहे की रॉड से हमला करने के कारण उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उसे दोबारा जान से मारने की धमकी भी दी।