नशे और अपराध के विरुद्ध दादरी पुलिस की मुहिम को मिला जनसमर्थन
भिवानी, 03 जुलाई : चरखी दादरी में नशे और अपराध के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी., आईपीएस के नेतृत्व में चलाए जा रहे प्रभावी अभियान की सराहना अब जिला सीमाओं से बाहर भी होने लगी है। उनके नेतृत्व में अपराध नियंत्रण, नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियानों से प्रभावित होकर शुक्रवार को भिवानी के विभिन्न व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने चरखी दादरी पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया।
प्रतिनिधिमंडल में भिवानी कॉस्मेटिक एसोसिएशन, गारमेंट्स एसोसिएशन, व्यापार मंडल सहित विभिन्न प्रमुख संगठनों के पदाधिकारी शामिल रहे। सभी ने पुलिस अधीक्षक को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके नेतृत्व में चलाए जा रहे जनहितकारी अभियानों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। इस अवसर पर भिवानी कॉस्मेटिक एसोसिएशन के प्रधान अभिषेक बंसल ने कहा कि पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी. ने नशे के विरुद्ध केवल कानूनी कार्रवाई तक स्वयं को सीमित नहीं रखा, बल्कि समाज के बीच जाकर युवाओं को जागरूक करने, उन्हें सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करने तथा नशे से दूर रहने का संदेश देने का उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि एक पुलिस अधिकारी का समाज सुधारक और मार्गदर्शक की भूमिका निभाना अत्यंत प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि एसपी लोगेश कुमार पी. के नेतृत्व में दादरी पुलिस द्वारा नशा तस्करों, संगठित अपराधियों तथा समाज विरोधी तत्वों के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी का परिणाम है कि जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवा हैं और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जब पुलिस केवल कानून लागू करने तक सीमित न रहकर समाज के साथ मिलकर जनहित में कार्य करती है, तो जनता का विश्वास खाकी के प्रति और अधिक मजबूत होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी. के नेतृत्व में चल रही यह मुहिम पूरे हरियाणा के लिए प्रेरणास्रोत एवं अनुकरणीय मॉडल बन चुकी है।
संगठनों के प्रतिनिधियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए दादरी पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज की साझेदारी ही नशे एवं अपराध जैसी चुनौतियों पर प्रभावी नियंत्रण का सबसे सशक्त माध्यम है। इस अवसर पर गारमेंट संगठन के प्रधान रायचंद सिंगला, अग्रवाल सभा के पूर्व सचिव राजकुमार दिनोदिया, मुकेश गोयल दादरी सहित अन्य संगठन प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

