हरियाणा महोत्सव में चमका चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय का नाम  

 
हरियाणा महोत्सव में चमका चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय का नाम  

भिवानी
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय भिवानी के विद्यार्थी कलाकारों ने एक बार फिर अपने अद्भुत हुनर से विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद के परिसर में 28 से 30 नवंबर 2025 तक आयोजित ‘हरियाणा महोत्सव–2025’ में सीबीएलयू की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 प्रतियोगी विधाओं में से 8 पर कब्जा जमाकर इतिहास रच दिया।

कार्यक्रम के परिणाम घोषित होने के बाद सीबीएलयू के पुराने प्रांगण में विद्यार्थियों व शिक्षकों ने विजय का जश्न मनाया। विश्वविद्यालय की यूटीडी इकाई के कलाकारों ने मेहनत, अनुशासन और सधे हुए प्रदर्शन के दम पर हरियाणवी संस्कृति की अलग-अलग विधाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

प्रतियोगिता में हरियाणवी शायरी में प्रथम, हरियाणवी लोक कॉस्ट्यूम में प्रथम, हरियाणवी स्किट में द्वितीय, वन एक्ट प्ले में द्वितीय, डुएट रागनी में द्वितीय, हरियाणवी ग्रुप डांस में द्वितीय, टिट्स बिट में तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ‘बेस्ट एक्टर’ का खिताब भी चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के नाम रहा, जो विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है।

विजयी प्रतिभागियों को मंच पर सीआरएसयू के कुलगुरु द्वारा सम्मानित किया गया। ट्रॉफी प्राप्त होने के बाद छात्रों ने नृत्य और जयघोष के साथ प्रांगण में उत्सव का माहौल बना दिया।

इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्मानी ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, सच्ची लगन और युवा कल्याण विभाग के अथक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विभाग सदैव विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं प्रतिभा को निखारने हेतु समर्पित है और आशा व्यक्त की कि विद्यार्थी भविष्य में विश्वविद्यालय का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाएँगे।
डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रोफेसर सुरेश मलिक जी ने वीडियो कॉल के माध्यम से विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
युवा कल्याण विभाग की निदेशिका डॉ. सोनल शेखावत ने भी प्रतिभागी कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि सीबीएलयू के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ सह-पाठ्य गतिविधियों में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय की पहचान को मजबूत कर रहे हैं।
इस प्रकार हरियाणा महोत्सव–2025 में शानदार विजय हासिल कर चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय ने एक नई उपलब्धि दर्ज की और विश्वविद्यालय परिवार को गर्व महसूस कराया।a