दृढ़ता और पराक्रम का जीवित प्रतिबिंब थे चौधरी साहब : सांसद जयप्रकाश 

 
दृढ़ता और पराक्रम का जीवित प्रतिबिंब थे चौधरी साहब : सांसद जयप्रकाश 
भिवानी 
भिवानी के पूर्व सांसद एवं भारतीय सेना के वीर सैनिक रहे चौधरी जंगबीर सिंह के निधन से समूचे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। आज भी उनके निवास स्थान पर शोक प्रकट करने पहुंचे उनके चाहने वालों का तांता लगा रहा।
शोक बैठक में पूर्व राज्यसभा सांसद जनरल डीपी वत्स, सांसद जयप्रकाश, विधायक रामकुमार गौतम, विधायक घनश्याम सर्राफ, दादरी से कांग्रेस प्रत्याशी रही मनीषा सांगवान, पूर्व विधायक शशि परमार, पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला और चौधरी जंगबीर सिंह के घनिष्ठ मित्र रहे पूर्व मंत्री चौधरी जगन्नाथ के सुपुत्र एडवोकेट जितेंद्रनाथ सहित सैंकड़ों लोग पहुंचे।
शोक व्यक्त करने पहुंचे पूर्व राज्यसभा सांसद जनरल डीपी वत्स ने कहा कि भारतीय सेना की प्रतिष्ठित राजपूताना राइफल्स की 9वीं यूनिट के गौरवशाली सैनिक रहे चौधरी जंगबीर सिंह ने देश की सेवा को अपने जीवन का सर्वोच्च उद्देश्य माना। उन्होंने वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध तथा 1965 के भारत-पाक युद्ध में वीरता और अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की सीमाओं की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 
पूर्व मंत्री शकुंतला भगवाड़िया ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी उनका मनोबल अटूट रहा और उन्होंने अपने कर्तव्य का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया।
सफीदों विधायक रामकुमार गौतम ने अपने शोक संदेश में कहा कि चौधरी जंगबीर सिंह एक सच्चे अर्थों में वीर सैनिक थे, जिनकी बहादुरी, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगी। 
भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि सेना में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और एक निर्भीक योद्धा के रूप में उनका नाम सदैव सम्मान के साथ लिया जाएगा।
सांसद जयप्रकाश ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि चौधरी जंगबीर सिंह दृढ़ इच्छाशक्ति, पराक्रम और जनसेवा की भावना के सजीव उदाहरण थे। 
चिरंजीव राव ने कहा कि चौधरी साहब ने अपने जीवन में जो आदर्श स्थापित किए, वे समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। 
इसके अलावा पूर्व सांसद व कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर, सांसद कुमारी शैलजा, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव ने पर चौधरी जंगबीर सिंह के बड़े सुपुत्र कमल प्रधान को फोन पर ढांढ़स बंधाया। कुमारी शैलजा ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने भिवानी क्षेत्र के विकास, किसानों, युवाओं और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष किया।
पूर्व सांसद अशोक तंवर ने कहा कि उनके कार्यों के कारण वे जन-जन के प्रिय नेता बने और लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद चौधरी जंगबीर सिंह ने सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया और भिवानी से सांसद के रूप में जनता की सेवा की। 
पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र के विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए। वे हमेशा आमजन के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते और उनके समाधान के लिए तत्पर रहते थे।
पूर्व मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि एक ऐसे व्यक्तित्व का अवसान हुआ है, जिन्होंने अपने जीवन के प्रत्येक चरण में साहस, अनुशासन, त्याग और जनसेवा के उच्चतम आदर्श स्थापित किए। चौधरी जंगबीर सिंह न केवल एक निर्भीक सैनिक के रूप में, बल्कि एक समर्पित जनप्रतिनिधि और समाजसेवी के रूप में भी सदैव स्मरणीय रहेंगे।
पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला ने कहा कि चौधरी जंगबीर सिंह का जीवन संघर्ष, त्याग और सेवा का अद्वितीय संगम रहा। उन्होंने कभी भी निजी स्वार्थ को प्राथमिकता नहीं दी, बल्कि हमेशा समाज और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। वे हर वर्ग, हर समुदाय के लिए समान भाव से कार्य करने वाले जननेता थे, जिनका व्यक्तित्व सभी के लिए प्रेरणादायक था।
पूर्व विधायक शशिरंजन परमार ने कहा कि उनकी सादगी, स्पष्टवादिता और निडरता उन्हें अन्य नेताओं से अलग बनाती थी। वे हमेशा सत्य और न्याय के पक्ष में खड़े रहे और किसी भी परिस्थिति में अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। यही कारण है कि वे केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि एक जनआस्था के प्रतीक बन गए थे।
चौधरी जंगबीर सिंह के निधन से भिवानी क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश और देश को अपूरणीय क्षति हुई है। विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और सैन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया। सभी ने एक स्वर में कहा कि उनका जीवन देशभक्ति, सेवा और समर्पण की प्रेरक गाथा है।
शोक व्यक्त करने वालों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस गहन दुःख को सहने की शक्ति दें।
इस अवसर पर पूर्व विधायक संत कुमार, सतेंद्र आदमपुर, सज्जन सिंह बलाली, बलबीर सरोहा, अजीत पार्षद, संदीप तंवर, जेएस अभीर आईएएस, कैप्टन मनोज उपायुक्त महेंद्रगढ़, जयवीर सिंह आर्य उपायुक्त, डॉ सुधीर सरपंच बामला, साधु सरपंच बहल, सुधीर सरपंच, भिवानी कांग्रेस शहरी अध्यक्ष प्रदीप गुलिया, कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के शहरी जिलाध्यक्ष शिवकुमार चांगिया, धीरा सरपंच पटौदी, सुरेश सरपंच, संजय सरपंच मंदोला, सुरेश सरपंच धनासली, अजय जांगड़ा, बिल्लू प्रधान किसान यूनियन, राजपाल पुर्व सरपंच जुई, सुबे सिंह पूर्व सरपंच पहलादगढ़, रणधीर सिंह पूर्व सरपंच पिटोदी, सुबेसिंह आर्य, राजेश सरपंच प्रेम नगर, राज सिंह गागड़वास, खजान सिंह सांगवान, रमेश टमाटरवाला, रजनीश नरूला, कौशल भारद्वाज , जीतू मुंबई, अमित वर्मा, वजीर सिंह धनाना आदि शोक व्यक्त करने पहुंचे।