CJI सुर्यकांत, गृह जिले हिसार में 9 जनवरी कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत

 
CJI सुर्यकांत, गृह जिले हिसार में 9 जनवरी कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत

चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत 9 और 10 जनवरी को अपने गृह जिले हिसार आ रहे हैं। हिसार में उनके कई कार्यक्रम लगभग तय हो गए हैं। अभी फाइनल टूर प्रोग्राम आना बाकी है। हिसार और हांसी में उनके कई कार्यक्रम हैं, जहां उनको शिरकत करनी है।

सबसे खास उनके स्टेट डिनर का कार्यक्रम है। हरियाणा सरकार की ओर से ऑर्गेनाइज किया जा रहा है। शहर के प्रसिद्ध होटल लेमन ट्री में इसके लिए खास तैयारी की जा रही है। आज डिनर का मेन्यू होटल को भेज दिया गया है। इसमें खासतौर पर वेज खाना परोसा जाएगा।

छोटी-बड़े मिलाकर करीब 50 से ज्यादा व्यंजन इसमें शामिल किए गए हैं। खास बात है कि सीजेआई के खाने में श्रीलंका की पारंपरिक डिश श्रीलंकाई वेजिटेबल करी मेन्यू में शामिल की गई है। इसमें नारियल दूध व करी पत्ते का खास इस्तेमाल होता है।

इसे खास तौर पर परोसा जाएगा। इसके अलावा सरसों का साग और मक्की की रोटी के अलावा 8 तरह की रोटियों को शामिल किया गया है। वेलकम ड्रिंक से लेकर 7 तरह की डेजर्ट आइटम इसमें रखी गई हैं। 

सब्जियों में पनीर रूलादे, सरसों का साग, दाल मखनी, वेज जलफ्रेजी ड्राई, भरवा आलू खुंब, श्रीलंकाई वेजिटेबल करी, सीजनल सब्जियां होंगी। इनके अलावा गोल गप्पे, दही भल्ले, पापड़ी चाट, तवा वेजिटेबल, टी टपरी, बीट कॉफी, लहसुन दाल तड़का, चार तरह का पास्ता होगा। 9 तरह की रोटियां, जिसमें तवा रोटी, मक्की की रोटी, तंदूरी रोटी, नान (प्लेन, स्टफ और गार्लिक), लच्छा पराठा, मिस्सी रोटी, प्याज की रोटी शामिल रहेंगी। डेजर्ट में केसर रसमलाई, चॉकलेट ब्राउनी विद हॉट चाकलेट सॉस, ट्रफल बटर स्कॉच पेस्ट्री, गाजर का हलवा, जलेबी विद हॉट मिल्क, अमेरिकन नट्स और मैंगो आईसक्रीम शामिल रहेंगी। 

जस्टिस सूर्यकांत CJI बनने से पहले दिवाली पर हिसार में स्थित पैतृक गांव पेटवाड़ आए थे। गांव में वह बिना किसी सूचना के आए और अपने पुश्तैनी मकान में ठहरे थे। उनका पूरा कुनबा आज भी गांव में रहता है। यहां उनके बचपन के दोस्त और चाचा व ताऊ के अलावा उनके बेटे व बहुएं रहती हैं।

 सूर्यकांत का हिसार से गहरा नाता रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1984-85 में हिसार जिला न्यायालय में ही वकील के रूप में की थी और लगभग 6 माह तक यहां प्रैक्टिस की थी। हिसार के वरिष्ठ वकील स्वर्गीय आत्माराम बंसल के यहां उन्होंने जूनियर के तौर पर काम किया था।