सीजेएम पवन कुमार ने किया जेल निरीक्षण
भिवानी।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के चेयरमैन व जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर चालिया के निर्देशानुसार सीजेएम-कम-सचिव पवन कुमार ने स्थानीय जिला कारागार का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीजेएम पवन कुमार ने जेल बैरक के अंदर शौचालय व स्नान घर की साफ-सफाई को और बेहतर बनाने के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा पुस्तकालय का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि कैदियों को सामान्य शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण देने पर जोर दिया जाए।
कैदियों के लिए तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता को स्वयं खाकर जांच की। सीजेएम पवन कुमार ने जेल में स्थापित कानूनी सहायता क्लीनिक का निरीक्षण करते हुए कैदियों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अपने केस की पैरवी करने के लिए वकील की जरूरत है, तो वह मुफ्त कानूनी सेवाएं के लिए प्राधिकरण के अधीन वकील की सेवाएं ले सकता है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैदियों-हवालातियों को उनके केसों में आ रही मुश्किलों को सुना व समस्याओं के समाधान संबंधी विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर लीगल एंड डिफेंस काउंसिल, जेल, डीएलएसए स्टाफ मौजूद रहे।

