संसद मार्च में बवाल: दिल्ली में लाठीचार्ज, CJP के कई प्रदर्शनकारी हिरासत में

संसद मार्च के दौरान दिल्ली में भारी हंगामा। जंतर-मंतर पर पुलिस का लाठीचार्ज, प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। संसद की ओर जाने वाले रास्ते सील।

 
संसद सुरक्षा सील

आखिर वही हुआ जिसकी आशंका थी। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की अपील पर सोमवार को संसद मार्च के दौरान जमकर हंगामा हुआ। जंतर-मंतर पर जुटे हजारों प्रदर्शनकारियों ने पुलिस का घेरा तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की तो बवाल हो गया। सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को पहले तो आगे बढ़ने से रोकने की पूरी कोशिश की और जब वे नहीं माने तो लाठीचार्ज किया गया।

सुबह से ही बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी नई दिल्ली के कई इलाकों में सड़कों पर एकत्रित हो चुके थे। जंतर-मंतर पर जुटे हजारों प्रदर्शनकारी भी रातभर नारेबाजी करते हुए सुबह होने का इंतजार करते रहे। अंधेरा छटने से पहले ही बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों ने जंतर-मंतर की घेराबंदी कर दी। डीसीपी नई दिल्ली सचिन शर्मा ने मौके पर जाकर सीजेपी के प्रवक्ताओं से बातचीत की और उनसे कानून का पालन करने की अपील की।

सुबह करीब 10 बजे तक भीड़ अनियंत्रित होने लगी। प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर से आगे निकलने की कोशिश करने लगे। रोकने पर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। बाद में अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया और सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज शुरू कर दिया। इस बीच मौका देखकर कई प्रदर्शनकारी आगे भी बढ़ने में कामयाब हो गए। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके पार्लियामेंट स्ट्रीट तक पहुंचने में कामयाब रहे।

पुलिस ने दर्जनों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। 5000 से अधिक संख्या में तैनात पुलिसकर्मियों ने संसद की ओर जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया है। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है।