पंचकूला: सीएम सैनी ने किया स्वच्छता अभियान का आगाज, खुद उठाई झाड़ू

पंचकूला से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। 'एक पेड़ मां के नाम' के तहत पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

 
हाइड्रोजन ट्रेन जींद

पंचकूला: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज, सोमवार को पंचकूला से राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने स्वयं श्रमदान कर सफाई की और प्रदेशवासियों से स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया. मुख्यमंत्री ने अभियान की शुरुआत पंचकूला के सेक्टर-20 की मुख्य मार्केट के सामने स्वयं झाड़ू लगाकर की. उन्होंने आसपास के क्षेत्र की सफाई करते हुए नागरिकों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया.

State wide Cleanliness Drive

एक पेड़ मां के नाम: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कचरे के वैज्ञानिक और उचित निष्पादन के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए स्वयं कचरा एकत्र कर रेहड़ी में डाला. इस मौके पर उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण भी किया. इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि "स्वच्छता केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है." उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घर, मोहल्ले, बाजार और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया.

State wide Cleanliness Drive

प्रधानमंत्री के आने तक जारी रहेगा अभियान: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता के संदेश से प्रेरित होकर देशभर के लोगों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया है." उन्होंने बताया कि "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के दौरे पर आएंगे. इस अवसर को ध्यान में रखते हुए 13 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक पूरे हरियाणा में प्रतिदिन व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने का फैसला लिया, जिसकी शुरूआत पंचकूला से की गई है."

State wide Cleanliness Drive

हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि "इस अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर मंत्रीगण, सांसद, विधायक, स्थानीय जन-प्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ एवं विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे." मुख्यमंत्री ने कहा कि" प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा आगमन गौरव की बात है. प्रधानमंत्री अपने हरियाणा दौरे के दौरान एक हाइड्रोजन ट्रेन को झंडी दिखाएंगे और हरियाणा के विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगे."

State wide Cleanliness Drive

मां के नाम पौधा लगाने का आह्वान: मुख्यमंत्री ने कहा कि "पूरी दुनिया आज जलवायु परिवर्तन का प्रभाव महसूस कर रही है, पर्यावरणीय चुनौतियां भी बढ़ी हैं. इसके मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान की शुरुआत की और देशवासियों से मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसका संरक्षण करने का आह्वान किया." मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी अभियान से जुड़ते हुए कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि "अधिक से अधिक पौधारोपण से पर्यावरण स्वच्छ होगा, वायु प्रदूषण में कमी आएगी और लोगों का स्वास्थ्य बेहतर होगा, जिससे अनेक बीमारियों की रोकथाम में भी सहायता मिलेगी." उन्होंने संकल्प लिया कि "वह जहां भी जाएंगे, वहां कम से कम 100 पौधे अवश्य लगाएंगे, जिस क्रम में सोमवार को पंचकूला में भी पौधरोपण किया."

State wide Cleanliness Drive

यह नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे: इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पंचकूला के मेयर श्याम लाल बंसल, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष ओम प्रकाश देवीनगर, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल, उपायुक्त सतपाल शर्मा, नगर निगम के आयुक्त विनय कुमार, पार्षद समेत पदाधिकारी व आम लोग उपस्थित रहे.