गुरुग्राम मेट्रो विस्तार का सीएम ने किया भूमि पूजन
गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर और मुख्यमंत्री नायब सैनी शामिल हुए।
सेक्टर 44 में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत और कैबिनेट मंत्री राव नरबीर को भी आमंत्रित किया है। राव नरबीर सिंह भी इस भूमि पूजन में शामिल हुए।
उद्योग मंत्री नरबीर सिंह ने कहा कि साथियों याद करो 2015 से पहले, जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, उस समय भी गुरुग्राम सरकार को सबसे ज्यादा रेवेन्यू देता था। लेकिन उस समय नए गुरुग्राम और पुराने गुरुग्राम में ऐसा अंतर था, जैसे हिंदुस्तान और पाकिस्तान में है।
उससे पहले सीएम सैनी ने सेक्टर 43 स्थित पावर ग्रिड में कष्ट निवारण समिति की बैठक ली। इस बैठक में कैबिनेट मंत्री राव नरवीर सिंह, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा भी मौजूद रहे। बैठक में 18 शिकायतों पर सुनवाई की गई। इस बैठक में सभी विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल ने कहा कि एयरपोर्ट से नजदीकी के कारण गुरुग्राम का विकास हुआ है। मारुति और डीएलएफ ने गुरुग्राम को बनाने में अहम योगदान दिया। आज प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार को सबसे ज्यादा रेवेन्यू देता है। यहां तक की गुरुग्राम नगर निगम के पास भी 2 हजार करोड़ की एफडी है। मनोहरलाल ने कहा कि मेट्रो कनेक्टिविटी में अभी हम चीन और यूएसए के बाद तीसरे नंबर पर है, लेकिन अगले 2 साल में भारत अमेरिका से भी आगे बढ़ जाएगा।
उन्होंने कहा कि केएमपी के साथ साथ सरकार तेजी से विकास कर रही है। पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, बहादुरगढ़ और सोनीपत को कनेक्ट करने के लिए ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर बनाया जा रहा है। जिसके बाद इस क्षेत्र के लोगों को चंडीगढ़ जाने के लिए दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा और सीधे ट्रेन पकड़कर चंडीगढ़ पहुंच जाएंगे।
मनोहर लाल ने कहा कि केजरीवाल के टाइम पर दिल्ली मैस बना हुआ था। कोई पॉलिसी नहीं, कोई डवलपमेंट नहीं, केंद्र और दिल्ली और नगर निगम में हमारी सरकार है, अब दिल्ली का भी विकास होगा। क्योंकि दिल्ली हमारे से जुड़ी हुई और यह मेट्रो भी दिल्ली से गुरुग्राम आ रही है।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की रेजांग ला में जंक्शन बनेगा। जहां से दिल्ली की ब्लू लाइन, गुरुग्राम में यलो लाइन और रैपिड मेट्रो आपस में कनेक्ट होगी। यहां से मेट्रो का एक स्पर एयरपोर्ट तक भी लेकर जाया जागा। ताकि मेट्रो के माध्यम से गुरुग्राम की सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी।
दोपहर बाद मुख्यमंत्री जिला विकास एवं मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा होगी।

