CM सैनी बोले-मैं किसान का बेटा, दुख समझता हूं
भिवानी के तोशाम में आयोजित उन्नत सिंचाई उत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्यातिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उन्नत सिंचाई उत्सव मेले का शुभारंभ किया और 2 दिनों तक चलते वाले मेले को तीन दिनों तक चलने की घोषणा की। इस दौरान चौधरी सुरेंद्र सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम ने सुरेंद्र सिंह व पूर्व सीएम बंसीलाल को भी याद किया।
सीएम नायब सिंह सैनी ने भिवानी के तोशाम में 107 करोड़ रुपए की योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कई घोषणाएं भी की। चौ. सुरेंद्र सिंह स्टेडियम में हुए कार्यक्रम के दौरान मौसम खराब रहा। हालांकि वाटर प्रूफ टैंट में ही सीएम ने सभा को संबोधित किया।
सीएम नायब सैनी ने कहा कि तोशाम के लोगों व मिट्टी में सुरेंद्र सिंह का नाम हमेशा रहेगा। उनका व्यक्तित्व महान व जीवन समाजसेवा को समर्पित था। मोदी के नेतृत्व में और लोगों के आशीर्वाद से हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बनी। पूर्व सीएम बंसीलाल हरियाणा निर्माता थे, उन्होंने विकास की नई इबारत लिखी। बंसीलाल ने सपनों को पूरा करने के लिए नहरी व लिफ्ट इरीगेशन का काम कर किसानों की किस्मत बदली, हम तोशाम के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि तोशाम के विकास को गति देने के लिए 11 वर्षों में 283 घोषणाएं की हैं। जिनमें से 258 पूरी की, बाकी पर तेजी से काम जारी है। तोशाम हलके को पिछले साढे़ 11 वर्षों में 10127 करोड़ रुपए जारी किए हैं। उनके द्वारा किए गए विधानसभा चुनाव में कुल 217 संकल्पों में से 60 पूरे हो चुके, बाकी पर काम जारी है। जबकि कांग्रेस के समय घोषणा पत्र डस्टबीन में चला जाता था, हमारा एक संकल्प नहीं छुटता। विपक्ष चिंता ना करें, किसानों की चिंता सरकार की चिंता है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि मैं भी किसान का बेटा हूं, मैंने भी खेती की है। किसान को प्राकृतिक आपदा झेलनी पड़ती है। पटवारी व तहसीलदारों ने जो रिपोर्ट भेजी, उस आधार पर मुआवजा दिया। अब एक सप्ताह में 2500 पटवारी गांवों में आएंगे, जो बिना पर्ची खर्ची भर्ती हुए हैं। हरियाणा में अब तक एक लाख 80 हजार युवाओं को बिना पर्ची व खर्ची के नौकरी दी है, जिसमें भिवानी जिला के 25 हजार युवा है।

