सोनीपत में आज सीएम सैनी का दौरा, 225 गांवों की फिरनी स्ट्रीट लाइट का शुभारंभ होगा
सोनीपत के दीनबंधु छोटू राम यूनिवर्सिटी में आज प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंचेंगे। वे यहां प्रदेशभर में मनाए जा रहे सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिससे जिले में विकास की नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। डीसी सुशील सारवान ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
यह कार्यक्रम दीन बंधू छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी) के सभागार में दोपहर 03 बजे आयोजित होगा।
यह कार्यक्रम सेवा पखवाड़ा अभियान का हिस्सा है, जो 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में मनाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य विभिन्न विकास कार्यों और जन-कल्याणकारी योजनाओं को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में महिला सांस्कृतिक केंद्र, इनडोर स्टेडियम और योग एवं व्यायामशालाएं शामिल हैं।
इसके अलावा, वह 225 गांवों में फिरनी पर स्ट्रीट लाइट्स के शुभारंभ की भी घोषणा करेंगे, जिससे गांवों में बेहतर रोशनी और सुरक्षा सुनिश्चित होगी। इन परियोजनाओं से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों को लाभ मिलेगा।

