CM सैनी IPS पूरन कुमार की पत्नी से मिलेंगे, पत्नी बोलीं- पोस्टमॉर्टम में खुद मौजूद रहूंगी

 
CM सैनी IPS पूरन कुमार की पत्नी से मिलेंगे, पत्नी बोलीं- पोस्टमॉर्टम में खुद मौजूद रहूंगी

हरियाणा के सीनियर IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार की IAS अफसर पत्नी अमनीत पी. कुमार से मिलने CM नायब सैनी पहुंचेंगे। वह बुधवार शाम को ही जापान दौरे से लौटे हैं और अब थोड़ी देर में चंडीगढ़ स्थित अपने आवास से निकलकर सेक्टर-24 में IG की पत्नी से मिलेंगे।

इस दौरान वह IAS अफसर को सांत्वना देने के साथ जांच को लेकर कुछ बड़ा फैसला भी ले सकते हैं। उनके साथ कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी भी होंगे। इनके अलावा कैबिनेट मंत्री कृष्ण पंवार और कांग्रेस सांसद वरूण मुलाना भी IAS अमनीत कुमार से मिलेंगे।

वाई पूरन कुमार के शव का आज (9 अक्टूबर) पोस्टमॉर्टम हो सकता है। बुधवार को उनकी IAS अफसर पत्नी अमनीत पी. कुमार जापान दौरे से चंडीगढ़ लौट आईं थी, लेकिन वह पोस्टमॉर्टम के लिए राजी नहीं हुईं।

उन्होंने अधिकारियों से कहा था कि जब उनकी बड़ी बेटी अमेरिका से चंडीगढ़ पहुंच जाएगी, तब ही इस पर फैसला होगा। पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि अमनीत पी. कुमार ने स्पष्ट कहा है कि वह पोस्टमॉर्टम के समय खुद मौजूद रहेंगी और वीडियोग्राफी भी कराएंगी। इसके बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।

इसी बीच अमनीत पी. कुमार ने चंडीगढ़ के सेक्टर-11 थाने में हरियाणा के DGP शत्रुजीत कपूर और रोहतक के SP रोहतक एसपी नरेंद्र बिजारणिया के खिलाफ शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि DGP और SP ने उनके पति का उत्पीड़न किया, जातिगत भेदभाव किया और उन्हें प्रताड़ित भी किया।

वरिष्ठ IAS अफसर ने दावा किया कि उनके पति को SC/ST समुदाय से होने के कारण जातिसूचक गालियां दी गईं और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। फिलहाल, IG का शव चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्थित गवर्नमेंट अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया है।