सीएम करेंगे जलभराव प्रभावित इलाकों का दौरा
हरियाणा के सीएम नायब सैनी आज कुरुक्षेत्र जिले में जलभराव से प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। बारिश और नदियों के उफान के बाद यह उनका पहला दौरा है। सीएम सबसे पहले शाहाबाद पहुंचेंगे, जहां मारकंडा नदी के ओवरफ्लो से हालात बिगड़े हुए हैं।
यहां नदी किनारे बसे गांवों में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सीएम यहां प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और राहत कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। शाहाबाद के बाद नायब सैनी झांसा और पिहोवा के प्रभावित गांवों का जायजा लेंगे।
कामकाज का करेंगे आकलन
पिहोवा के पंजाब बॉर्डर से लगते कई गांवों में पानी भरा हुआ है। यहां भी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। सीएम मौके पर जाकर न सिर्फ लोगों से बातचीत करेंगे बल्कि प्रशासन के कामकाज का भी आकलन करेंगे। वे बचाव और राहत कार्यों की गति, भोजन-पानी की व्यवस्था और मेडिकल सुविधाओं की रिपोर्ट लेंगे।
लाडवा भी जाएंगे
सीएम नदियों के हालात, तटबंधों की मजबूती और मरम्मत कार्यों की भी जांच करेंगे, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटा जा सके। दौरे के अंत में सीएम अपनी विधानसभा सीट लाडवा भी जाएंगे। इस दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट है और सभी विभागों को मौके पर मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं।