5 राज्यों के चुनाव संपन्न होते ही भाजपा सरकार ने जनता को दिया महंगाई का तोहफा : नरेश तंवर
 

कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपये की ऐतिहासिक वृद्धि ने तोड़ी आम आदमी की कमर : तंवर
 
 
19 किलो गैस सिलेंडर रेट

भिवानी, 02 मई : पांच राज्यों (पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी) के विधानसभा चुनाव संपन्न होते ही केंद्र की मोदी सरकार ने आम जनता की जेब पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार किया है। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपये की ऐतिहासिक वृद्धि कर सरकार ने साफ कर दिया है कि चुनाव खत्म होते ही अच्छे दिन का वादा केवल एक छलावा था। सरकार के इस फैसले के बाद 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर अब 3071 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। यह देश के इतिहास में एक बार में की गई सबसे बड़ी वृद्धि है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेश तंवर जीएम ने इस फैसले को जनविरोधी करार देते हुए कहा कि भाजपा ने फिर से जनता को महंगाई की आग में झोंक दिया। कांग्रेस नेता नरेश तंवर जीएम ने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार ने उज्ज्वला योजना के नाम पर गरीबों को जो सपना दिखाया था, वह अब दु:स्वप्न बन चुका है।

अगर समय रहते इन कीमतों को वापस नहीं लिया गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता सडक़ों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। गरीब आदमी की पहुंच से हर बुनियादी चीज़ बाहर होती जा रही है। नरेश तंवर ने बताया कि कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने का सीधा असर आम आदमी की थाली पर पड़ेगा। इससेचाय, नाश्ता और खाना महंगा होगा, जिससे दिहाड़ी मजदूर और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित होगा। वही गरीब व्यक्ति अपने बच्चों की शादी के लिए सिलेंडर पाने को दर-दर भटक रहा है। बढ़े हुए दामों पर भी सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। उन्होंने अंदेशा जताया कि सरकार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने का खाका भी तैयार कर चुकी है, जिससे माल ढुलाई महंगी होगी और हर चीज़ के दाम बढ़ेंगे। तंवर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों का बहाना बनाकर आम जनता को लूट रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार पेट्रोलियम कंपनियों के भारी-भरकम मुनाफे में कटौती करे, केंद्र सरकार टैक्स कम कर अपना मुनाफा छोड़े ताकि जनता को राहत मिल सके, बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।