शहीद स्मारक् की सफाई ना होने से गुस्साएं कांग्रेसी
भिवानी:
शहीदी दिवस के अवसर पर सोमवाार को स्थानीय नेहरू पार्क स्थित शहीद स्मारक पर जिला कांग्रेस की शहरी व ग्रामीण कमेटी ने संयुक्त रूप से देश के अमर बलिदानियों को नमन किया।
कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप जोगी के नेतृत्व में आयोजित इस पुष्पांजलि कार्यक्रम में भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शिरकत की और शहीद भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव व अन्य शहीदों को नमन किया। इस दौरान प्रशासन की शहीदों के प्रति भारी उदासीनता देखने को मिली, जब शहीदी दिवस के अवसर पर भी शहीद स्मारक् की सफाई नहीं मिली। जिसके बाद कांग्रेस नेताओं ने स्वयं शहीद स्मारक् का ताला खोला तथा शहीद स्मारक् पर झाडू इत्यादि लगाकर सफाई की।
प्रदीप जोगी ने कहा कि यह प्रशासन की शहीदों के प्रति भाारी उदासीनता है कि जिन शहीदों की बदौलत आज हम खुली हवा में सांस ले रहे है, उनके शहीद स्मारक् की सफाई भी नहीं की जाती, प्रशासन को इसके प्रति शर्म आनी चाहिए। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप जोगी ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरू व सुखदेव के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि इन वीरों ने अल्पायु में ही हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूम लिया ताकि आने वाली पीढिय़ां एक स्वतंत्र और खुशहाल भारत में सांस ले सकें।
प्रदीप जोगी ने कहा कि शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव का त्याग केवल इतिहास के पन्ने नहीं हैं, बल्कि यह हमारे लिए संघर्ष की प्रेरणा हैं। देश की तरक्की तभी संभव है जब हम इन महापुरुषों के जीवन आदर्शों को अपने जीवन में उतारें। श्रद्धांजलि सभा के बाद प्रदीप जोगी ने वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा करते हुए भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने सरकार को जनविरोधी करार देते हुए कहा कि आज देश के हालात उन सपनों के विपरीत हैं, जो हमारे शहीदों ने देखे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां आम आदमी, किसान और युवाओं के हितों के खिलाफ हैं। ऐसे में प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता का यह कर्तव्य है कि वह शहीदों के दिखाए रास्ते पर चलते हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाए।
ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरूद्ध चौधरी की टीम के सदस्य संजीव जागलान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जन-जन तक पहुंचकर सरकार की विफलताओं को उजागर करेगी और शहीदों के आदर्शों वाली समावेशी विचारधारा को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि शहीदों ने जिस लोकतंत्र और समानता के लिए जान दी, आज उसे बचाने के लिए भाजपा की जनविरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध जरूरी है।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कु. बीर सिंह, सुरेंद्र परमार, सत्यजीत पिलानिया, धीरज सिंह, समीर खटीक, विजेंद्र सिवाच, दलबीर छोटू पूर्व पार्षद, संजीव जागलान, बलवान पार्षद, मा. बलवंत घणघस, बलबीर सरोहा, सुमित बराड़, ईश्वर मान, इंग्लेश लता, विरेंद्र फौजी, लक्ष्मण वर्मा, डा. फूल सिंह, अमित पंंघाल, रमेश वाल्मीकि, मा. अनिल, सोना गोलागढ़, मुकेश प्रजापत, सूरज, धीरज माडीवाला, सुनील उमरावत, कामरेड रवि खन्ना, शिव कुमार धानक, अमित शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

