सरकार की बाजरा-मूंग खरीद नीति के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन 

 
सरकार की बाजरा-मूंग खरीद नीति के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन 

भिवानी :

किसानों की उपज बाजरा और मूंग की बंद पड़ी सरकारी खरीद को लेकर कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय नई अनाज मंडी में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने सरकार से तत्काल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर इन फसलों की खरीद शुरू करने की मांग की और खरीद में देरी और तकनीकी बहानेबाजी को लेकर सरकार पर तीखे हमले किए।
      प्रदर्शन के दौरान प्रदीप गुलिया जोगी ने किसानों के मुद्दों को पुरजोर तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार चुनावों से पहले तो किसानों से एमएसपी पर अनाज खरीदने का बड़ा वादा करती है, लेकिन जब फसल तैयार होकर मंडी में आती है, तो उसे खरीदने के लिए नए-नए तरह के यंत्र और खरीद एजेंसी के नए पैमाने ला दिए जाते हैं।

जोगी ने विशेष रूप से बाजरा खरीद के लिए मंडी कमेटी के दफ्तर में लाए गए एक कथित नए यंत्र का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह यंत्र क्वालिटी बेसिस पर लगभग सारा बाजरा रिजेक्ट कर रहा है। उन्होंने तर्क दिया कि किसान के हाथ में मौसम को नियंत्रित करना नहीं है। प्राकृतिक आपदाओं से उपजी स्थिति में सरकार को किसानों की मदद करनी चाहिए थी, लेकिन सरकार ने इस चौतरफा मार के वक्त किसान को मदद करने की बजाए, उसको परेशान करने का कायरता पूर्ण कार्य किया है।
      कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने सरकार की भावांतर भरपाई योजना को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि भावांतर योजना का बहाना बनाकर सरकार स्वयं खरीद नहीं कर रही है और किसान को मजबूरन अपनी फसल कम दामों पर निजी व्यापारियों को बेचने पड़ रही है, जो किसान के साथ घोर अन्याय है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भावांतर योजना के तहत दिए जाने वाले भाव में भी सरकार ने कटौती कर दी है। उन्होंने कहा कि पहले बाजरा का भावांतर भाव 625 रूपये था, जिसे अब घटाकर 575 प्रति क्विंटल कर दिया गया है। इसके अलावा बाजरे के भाव में भी पचास रुपए की कटौती करके इसे 2150 से 2200 रूपये कर दिया गया है।
      इस अवसर कमल प्रधान, सविता मान, जिला पार्षद रूपेंद्र ग्रेवाल व अजय घणघस ने भी प्रदर्शन में बोलते हुए कहा कि किसान मज़बूर है, उसे कर्ज और खर्चों के भुगतान के लिए पैसे चाहिए, इसलिए वह अपनी फसल बेचेगा ही।

ऐसे में सरकार द्वारा खऱीद बंद करना और भाव घटाना पूरी तरह से गलत है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही एमएसपी पर बाजरा और मूंग की खरीद सुचारू रूप से शुरू नहीं की और किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो पार्टी अपना विरोध प्रदर्शन और तेज करेगी।
      इस अवसर पर अजय हालुवासिया, अजय धनाना, तोला राम, राजेश बडाला, रवि सोलंकी, विजय नरवाल, सुमित बराड़, डा. फूल सिंह धनाना, धीरज सिंह, मुकेश शर्मा ढ़ाणीमाहु, महेंद्र यादव, बलबीर सिंह बजाड़, सुशीला देवी, मनोज जोगी, वेद मास्टर, नाथ पेंटर, अमित, दिनेश सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।