सावित्रीबाई फुले की जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
भिवानी :
भारत की पहली महिला शिक्षिका और समाज सुधारक माता सावित्रीबाई फुले की जयंती के अवसर पर शनिवार को भिवानी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
रोहतक रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप जोगी ने किया। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सावित्रीबाई फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और समाज एवं राष्ट्र हित में उनके दिखाए गए पदचिन्हों पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप जोगी ने सावित्रीबाई फुले के संघर्षमयी जीवन और उनके द्वारा किए गए क्रांतिकारी कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि माता सावित्रीबाई फुले ने उस दौर में महिला शिक्षा की मशाल जलाई जब समाज में अंधकार और कुरीतियां चरम पर थीं। उन्होंने ना केवल महिलाओं को शिक्षित करने का बीड़ा उठाया, बल्कि समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए भी जीवनपर्यंत संघर्ष किया। उनका जीवन हमारे लिए प्रेरणा का पुंज है।
अपने संबोधन के दौरान प्रदीप जोगी ने राजनीतिक दलों की कार्यशैली की तुलना करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखे प्रहार किए। जोगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले जैसे महापुरुषों के आदर्शों को शासन और संगठन में आत्मसात किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महापुरुषों की विचारधारा को अपनाते हुए शिक्षा, खेल और राष्ट्र की उन्नति से जुड़ी गतिविधियों को प्राथमिकता दी है। कांग्रेस का लक्ष्य समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना रहा है।
इसके साथ ही प्रदीप जोगी ने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार महापुरुषों के नाम का इस्तेमाल केवल राजनीति के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा महापुरुषों के नाम पर राजनीति करके जनता के बीच आपसी भाईचारे को तोडऩे का काम कर रही है, जो समाज के लिए बेहद घातक है। कार्यक्रम के अंत में प्रदीप जोगी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सावित्रीबाई फुले के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाएं और समाज में फैल रही विभाजनकारी शक्तियों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े हों।
इस अवसर पर राजेश वाल्मीकि एससी सैल प्रधान दादरी, युवा हल्का प्रधान रजत वाल्मीकि, सुमित बराड, लक्ष्मण वर्मा, संजय गांधी, विरेंद्र बापोड़ा, राजेश कुमार, अमित पंघाल, रामकिशन चौहान, बलबीर सरोहा, मुकेश प्रजापत, मुकेश टिटू, शिवकुमार धानक, दिनेश धनखड़, श्यालाल चारण, सुमित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

